:
Breaking News

NEET UG 2026 Exam Cancelled: पेपर लीक के बाद परीक्षा रद्द, CBI जांच के आदेश, दोबारा परीक्षा की तैयारी शुरू

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

NEET UG 2026 परीक्षा पेपर लीक के चलते रद्द कर दी गई है। NTA ने CBI जांच के आदेश दिए हैं और परीक्षा दोबारा आयोजित की जाएगी। छात्रों को पुराने आवेदन के आधार पर मौका मिलेगा।

देश की सबसे बड़ी मेडिकल प्रवेश परीक्षा NEET UG 2026 को लेकर बड़ा फैसला सामने आया है। 3 मई 2026 को आयोजित इस परीक्षा को पेपर लीक के गंभीर आरोपों के बाद राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) ने रद्द कर दिया है। इस निर्णय के बाद देशभर के लाखों छात्रों और अभिभावकों में हलचल मच गई है।

परीक्षा से जुड़ी अनियमितताओं और पेपर लीक के आरोप सामने आने के बाद मामले की जांच अब केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) को सौंप दी गई है। सरकार ने यह कदम परीक्षा की पारदर्शिता और विश्वसनीयता बनाए रखने के उद्देश्य से उठाया है।

NEET UG देशभर में मेडिकल कॉलेजों में प्रवेश के लिए सबसे महत्वपूर्ण परीक्षा मानी जाती है, जिसमें हर साल लाखों छात्र शामिल होते हैं। इस बार भी लगभग 23 लाख परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी थी, लेकिन पेपर लीक की खबरों ने पूरे सिस्टम पर सवाल खड़े कर दिए।

एनटीए ने स्पष्ट किया है कि छात्रों को दोबारा रजिस्ट्रेशन करने की जरूरत नहीं होगी। उनका पुराना आवेदन ही मान्य रहेगा और परीक्षा का नया शेड्यूल जल्द जारी किया जाएगा। संशोधित एडमिट कार्ड भी आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध कराया जाएगा।

एनटीए के अनुसार, परीक्षा की निष्पक्षता को बनाए रखने के लिए पहले ही कुछ मामलों की जांच स्वतंत्र एजेंसियों को सौंपी गई थी। 8 मई 2026 को प्राप्त इनपुट के बाद केंद्रीय एजेंसियों ने विस्तृत रिपोर्ट दी, जिसके आधार पर परीक्षा रद्द करने का निर्णय लिया गया।

बिहार सहित कई राज्यों में इस परीक्षा के लिए बड़े स्तर पर इंतजाम किए गए थे। अकेले पटना में दर्जनों केंद्र बनाए गए थे, जहां हजारों छात्रों ने परीक्षा दी थी। पूरे राज्य में यह संख्या 1.60 लाख से अधिक बताई जा रही है।

परीक्षा रद्द होने की खबर के बाद छात्रों में निराशा और गुस्सा दोनों देखा जा रहा है। कई जगहों पर छात्रों ने सोशल मीडिया पर नाराजगी जाहिर करते हुए जल्द से जल्द दोबारा परीक्षा कराने की मांग की है।

हालांकि एनटीए ने छात्रों से अपील की है कि वे किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करें। एजेंसी ने कहा है कि नई परीक्षा तारीख जल्द घोषित की जाएगी और सभी तैयारियां तेज कर दी गई हैं।

परीक्षा रद्द होने के बाद अब पूरी प्रक्रिया पर CBI की नजर रहेगी। जांच एजेंसी यह पता लगाने की कोशिश करेगी कि पेपर लीक कैसे हुआ और इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल थे।

शिक्षा विशेषज्ञों का मानना है कि इस तरह की घटनाएं देश की परीक्षा प्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करती हैं। हालांकि सरकार का कहना है कि दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा और परीक्षा प्रणाली को और मजबूत किया जाएगा।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *