:
Breaking News

Samastipur Sports: समस्तीपुर में सुब्रतो मुखर्जी कप फुटबॉल प्रतियोगिता का आगाज, मुंगेर, खगड़िया और सारण ने दर्ज की जीत

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Alam Ki Khabar: समस्तीपुर में 65वीं राज्य स्तरीय सुब्रतो मुखर्जी कप फुटबॉल प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ हुआ। डीएम रोशन कुशवाहा ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया। पहले दिन मुंगेर, खगड़िया और सारण ने जीत दर्ज कर अगले दौर में जगह बनाई।

समस्तीपुर, 10 जुलाई। आलम की खबर: बिहार में बालिका फुटबॉल प्रतिभाओं को नई उड़ान देने की दिशा में शुक्रवार को समस्तीपुर से बड़ा संदेश निकला। शहर के पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय, पूर्व मध्य रेलवे खेल मैदान में खेल विभाग बिहार सरकार, बिहार राज्य खेल प्राधिकरण पटना और जिला प्रशासन समस्तीपुर के संयुक्त तत्वावधान में 65वीं राज्य स्तरीय सुब्रतो मुखर्जी कप फुटबॉल प्रतियोगिता (बालिका अंडर-17) का भव्य शुभारंभ हुआ। उद्घाटन समारोह में जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल केवल जीत और हार तक सीमित नहीं है, बल्कि यह व्यक्तित्व निर्माण, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और टीम भावना विकसित करने का सबसे प्रभावी माध्यम है। उन्होंने सभी खिलाड़ियों से खेल भावना के साथ मैदान में उतरने और अपनी प्रतिभा का श्रेष्ठ प्रदर्शन करने की अपील की।

प्रतियोगिता का उद्घाटन जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा, उप विकास आयुक्त सूर्य प्रताप सिंह, अपर समाहर्ता (आपदा) राजेश कुमार सिंह, एडीओ दिलीप कुमार, एनडीसी रजनीश कुमार राय और जिला खेल पदाधिकारी विवेक कुमार शर्मा ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके बाद सभी अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया तथा फुटबॉल पर किक लगाकर प्रतियोगिता की औपचारिक शुरुआत की। उद्घाटन समारोह में जिला खेल पदाधिकारी विवेक कुमार शर्मा ने अतिथियों का हरित पौधा, खेल बैज और स्मृति-चिह्न देकर स्वागत किया।

अपने संबोधन में जिलाधिकारी ने कहा कि खेल युवाओं को अनुशासन और जिम्मेदारी का पाठ पढ़ाता है। मैदान पर सीखी गई टीम भावना और संघर्ष की आदत जीवन के हर क्षेत्र में सफलता दिलाने में सहायक होती है। उन्होंने कहा कि राज्य स्तरीय प्रतियोगिताएं खिलाड़ियों के भविष्य को नई दिशा देती हैं और यहां से निकलने वाली प्रतिभाएं राष्ट्रीय तथा अंतरराष्ट्रीय स्तर तक बिहार का नाम रोशन कर सकती हैं।

उप विकास आयुक्त सूर्य प्रताप सिंह ने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएं खिलाड़ियों के लिए बेहतर अवसर लेकर आती हैं। विभिन्न जिलों की टीमों के बीच प्रतिस्पर्धा खिलाड़ियों के अनुभव को समृद्ध करती है और उन्हें बड़े मंच के लिए तैयार करती है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हार-जीत से अधिक महत्वपूर्ण बेहतर प्रदर्शन और खेल भावना है।

जिला खेल पदाधिकारी विवेक कुमार शर्मा ने बताया कि प्रतियोगिता में बिहार के विभिन्न जिलों की बालिका टीमें भाग ले रही हैं। खिलाड़ियों के आवासन, भोजन, चिकित्सा, सुरक्षा, परिवहन तथा खेल मैदान सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं जिला प्रशासन के सहयोग से बेहतर ढंग से की गई हैं ताकि प्रतियोगिता पूरी तरह सफल और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।

प्रतियोगिता के पहले दिन रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। उद्घाटन मैच में मुंगेर ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए मुजफ्फरपुर को 2-1 से हराकर अगले दौर में प्रवेश किया। दूसरे मुकाबले में कटिहार की टीम निर्धारित समय तक मैदान पर नहीं पहुंच सकी, जिसके कारण खगड़िया को वॉकओवर देकर अगले चरण में भेज दिया गया। वहीं तीसरे मुकाबले में सारण ने आक्रामक खेल का प्रदर्शन करते हुए वैशाली को 9-0 के बड़े अंतर से पराजित कर प्रतियोगिता की सबसे बड़ी जीत दर्ज की।

मैचों का संचालन सीतामढ़ी के रोहित कुमार, पश्चिम चंपारण के राहुल प्रियांशी, पश्चिम चंपारण के समीर संजय तथा मुंगेर की मोना वर्मा ने निर्णायक के रूप में किया। प्रतियोगिता के उद्घाटन अवसर पर जिला परिवहन पदाधिकारी सौरभ कुमार, जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी जूही कुमारी, एडीएमओ अनुष्का श्रीवास्तव, पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय के प्राचार्य जितेंद्र कुमार, विभिन्न विभागों के अधिकारी, शिक्षक, खेल प्रेमी और बड़ी संख्या में दर्शक मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन प्रधानाध्यापक अनंत कुमार राय ने किया।

खेल संस्कृति मजबूत होगी तो निखरेंगी नई प्रतिभाएं

समस्तीपुर में राज्य स्तरीय सुब्रतो मुखर्जी कप जैसी प्रतियोगिता का आयोजन केवल एक खेल आयोजन नहीं बल्कि जिले के लिए गौरव का विषय है। इससे स्थानीय खिलाड़ियों को बड़े स्तर के मुकाबले देखने और सीखने का अवसर मिलता है। यदि ऐसे आयोजन लगातार होते रहें और स्कूल स्तर पर खेल सुविधाओं का विस्तार किया जाए तो बिहार की बेटियां राष्ट्रीय ही नहीं बल्कि अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल में भी अपनी मजबूत पहचान बना सकती हैं।

यह भी पढ़ें

समस्तीपुर में विशेष ट्रेनों के परिचालन अवधि में हुआ विस्तार

समस्तीपुर जिला नागरिक परिषद की पहली बैठक में कई महत्वपूर्ण निर्णय

समस्तीपुर में अनुसंधान समीक्षा बैठक, डीआईजी ने दिए सख्त निर्देश

समस्तीपुर में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए प्रशासन की नई पहल

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *