:
Breaking News

Samastipur News: फर्राटा दौड़ में अमन-मानसी अव्वल, बैडमिंटन में रवि राज-श्रेया ने जीता खिताब

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Alam Ki Khabar | Bihar News | Patna News | Samastipur News | जिला स्तरीय विद्यालय खेल प्रतियोगिता के दूसरे दिन एथलेटिक्स, बैडमिंटन और कबड्डी में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया।

समस्तीपुर, 29 सितंबर आलम की खबर: पटेल मैदान में मंगलवार की सुबह खिलाड़ियों की तेज रफ्तार और शानदार प्रदर्शन ने जिला स्तरीय विद्यालय खेल प्रतियोगिता के दूसरे दिन को रोमांचक बना दिया। अंडर-14 बालक-बालिका वर्ग में एथलेटिक्स की विभिन्न स्पर्धाओं के साथ बैडमिंटन और कबड्डी में भी खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा दिखाई। प्रतियोगिता का आयोजन खेल विभाग, बिहार राज्य खेल प्राधिकरण, पटना और जिला प्रशासन, समस्तीपुर के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है।

प्रतियोगिता के तहत खेल गतिविधियां पटेल मैदान, खेल भवन और पोद्दार इंटरनेशनल स्कूल परिसर में आयोजित की जा रही हैं। मंगलवार को 100 मीटर दौड़ से लेकर गोला फेंक और भाला फेंक तक कई स्पर्धाओं में खिलाड़ियों ने पदक के लिए जोर लगाया।

100 मीटर में अमन और मानसी सबसे आगे

पटेल मैदान में अंडर-14 बालक वर्ग की 100 मीटर दौड़ में तीसवारा के अमन कुमार ने पहला स्थान हासिल किया। डीएवी के प्रिंस कुमार दूसरे और मनाराटोल के दुर्गेश कुमार तीसरे स्थान पर रहे।

बालिका वर्ग में पोद्दार इंटरनेशनल की मानसी सिन्हा ने पहला स्थान प्राप्त किया। बेलारी की आरोही दूसरे और डीएवी की ज्योति कुमारी तीसरे स्थान पर रहीं।

200 मीटर दौड़ में बालक वर्ग में डीएवी के प्रिंस कुमार ने पहला स्थान हासिल किया। आदित्य कुमार दूसरे और पूसा के गौरव कुमार तीसरे स्थान पर रहे। बालिका वर्ग में डीएवी की संध्या कुमारी ने बाजी मारी, जबकि गोहा की आस्था भारती दूसरे और पूसा की लवली कुमारी तीसरे स्थान पर रहीं।

600 मीटर दौड़ में बालिका वर्ग में यूएस मोदी की प्रीति कुमारी, शादीपुर की ब्यूटी कुमारी और डीएवी की ज्योति कुमारी ने शीर्ष स्थान हासिल किए। बालक वर्ग में सरायरंजन के शुभम कुमार, पटोरी के प्रशांत कुमार और अनमोल कुमार ने बेहतर प्रदर्शन किया।

गोला और भाला फेंक में भी खिलाड़ियों ने दिखाया दम

अंडर-14 बालिका वर्ग की गोला फेंक स्पर्धा में डीएवी की सृष्टि राज ने स्वर्ण पदक जीता। बिरला ओपन की पलक कुमारी ने रजत और नरहन की सोनाक्षी कुमारी ने कांस्य पदक अपने नाम किया।

बालक वर्ग में साकीब अली पहले, शिवाय भट्ट दूसरे और विकास कुमार तीसरे स्थान पर रहे। अंडर-17 गोला फेंक में उच्च विद्यालय कर्पूरीग्राम के मो. अल्तमश ने स्वर्ण पदक हासिल किया।

भाला फेंक के बालक वर्ग में हिमांशु कुमार, प्रियांशु राज और रौनक कुमार क्रमशः पहले तीन स्थान पर रहे। बालिका वर्ग में प्रीति कुमारी, ब्यूटी कुमारी और ज्योति कुमारी ने शीर्ष तीन स्थान हासिल किए।

बैडमिंटन में रवि राज और श्रेया विजेता

इंडोर स्टेडियम में हुए बैडमिंटन मुकाबलों में अंडर-14 बालक वर्ग में डीएवी के रवि राज ने खिताब अपने नाम किया। बालिका वर्ग में पटोरी की श्रेया विजेता बनीं।

अंडर-17 वर्ग में ईशांत राज ने बालक वर्ग और लकी प्रिया ने बालिका वर्ग में जीत दर्ज की। अंडर-19 बालक वर्ग में पोद्दार के आदर्श कुमार ने खिताब हासिल किया।

कबड्डी में संत स्टीफन दलसिंहसराय का दबदबा

खेल भवन में आयोजित कबड्डी प्रतियोगिता में संत स्टीफन दलसिंहसराय ने अंडर-14 बालक और बालिका दोनों वर्गों में शानदार प्रदर्शन करते हुए चैंपियन का खिताब अपने नाम किया। दोनों वर्गों में टीम के प्रदर्शन से प्रतियोगिता स्थल पर खिलाड़ियों और समर्थकों में उत्साह देखने को मिला।

जिला खेल पदाधिकारी विवेक कुमार शर्मा ने बताया कि प्रतियोगिता के अलग-अलग आयोजन स्थलों पर जिले के विभिन्न विद्यालयों से पहुंचे सैकड़ों खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। प्रतियोगिता में खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिल रहा है।

उन्होंने बताया कि बुधवार को अंडर-19 बालक एवं बालिका वर्ग की प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। विभिन्न स्पर्धाओं में चयनित खिलाड़ियों का बायोमेट्रिक सत्यापन कराया जाएगा। इसके बाद जिला स्तरीय टीम का गठन किया जाएगा, जो प्रमंडल स्तरीय प्रतियोगिता में समस्तीपुर जिले का प्रतिनिधित्व करेगी।

यह भी पढ़ें

समस्तीपुर में जिला स्तरीय विद्यालय खेल प्रतियोगिता का आगाज, विभिन्न खेलों में खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *