:
Breaking News

Samastipur News : अंडर-14 क्रिकेट में तिरहुत-सारण सेमीफाइनल में, मेजबान दरभंगा ने पूर्णिया को 38 रन से हराया

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Alam Ki Khabar | Bihar News | Patna News | Samastipur News | समस्तीपुर के पटेल मैदान में राज्य स्तरीय अंतर प्रमंडलीय अंडर-14 क्रिकेट प्रतियोगिता शुरू। तिरहुत और सारण ने जीत के साथ सेमीफाइनल में जगह बनाई, जबकि मेजबान दरभंगा ने पूर्णिया को 38 रन से हराया।

समस्तीपुर, 26 नवंबर। Alam Ki Khabar


समस्तीपुर के पटेल मैदान में गुरुवार को राज्य स्तरीय अंतर प्रमंडलीय विद्यालय अंडर-14 बालक क्रिकेट प्रतियोगिता का आगाज रोमांचक मुकाबलों के साथ हुआ। पहले दिन तिरहुत और सारण प्रमंडल ने शानदार जीत दर्ज कर सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली। वहीं मेजबान दरभंगा प्रमंडल ने पूर्णिया को 38 रनों से हराकर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया। अब दरभंगा की भिड़ंत अगले मुकाबले में पटना प्रमंडल से होगी।


चार दिवसीय प्रतियोगिता का आयोजन खेल विभाग, बिहार सरकार, बिहार राज्य खेल प्राधिकरण और जिला प्रशासन समस्तीपुर के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है। प्रतियोगिता का उद्घाटन उप विकास आयुक्त सूर्य प्रताप सिंह और जिला खेल पदाधिकारी विवेक कुमार शर्मा ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके बाद डीडीसी ने तिरहुत और सारण की टीमों के खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया तथा खुद क्रिकेट खेलकर प्रतियोगिता की शुरुआत की।


उद्घाटन समारोह में नगर आयुक्त गौतम कुमार, सदर एसडीओ राकेश कुमार, जिला क्रिकेट संघ के सचिव सोनू झा, कोच ब्रजेश झा, सतीश कुमार, राहुल कुमार, रजनीश कुमार, उमेश कुमार, निखिल कुमार, विग्नेश कुमार और अंशु कुमार सहित कई खेलप्रेमी मौजूद रहे। इस दौरान जिला खेल पदाधिकारी ने अतिथियों के साथ बिहार अंडर-19 टीम के कप्तान मोहम्मद आलम और वरिष्ठ अंपायर मुकेश वर्मा को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। मंच संचालन प्रधानाध्यापक अनंत कुमार राय और शिक्षक सुभीत कुमार सिंह ने किया।


तिरहुत ने कोसी को तीन विकेट से हराया


पहले मुकाबले में तिरहुत प्रमंडल ने कोसी को तीन विकेट से पराजित किया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए कोसी की टीम ने 15 ओवर में 90 रन बनाए। उज्ज्वल सिंह ने 26 और साकिब आलम ने 15 रन का योगदान दिया।


लक्ष्य का पीछा करने उतरी तिरहुत की टीम ने श्रेयांस संजू के 19 और नयुम सिद्दीकी के 14 रनों की मदद से 14 ओवर में सात विकेट पर 91 रन बनाकर जीत हासिल कर ली।


युवराज की नाबाद 52 रनों की पारी से सारण को जीत


दूसरे मैच में सारण प्रमंडल ने भागलपुर को 10 विकेट से हराकर अपनी ताकत दिखाई। पहले बल्लेबाजी करते हुए भागलपुर की टीम 12 ओवर में छह विकेट पर महज 62 रन ही बना सकी।


सारण की ओर से युवराज ने नाबाद 52 रनों की शानदार पारी खेली, जबकि सत्यम ने आठ रन बनाए। दोनों बल्लेबाजों ने बिना कोई विकेट गंवाए छह ओवर में ही 63 रन बनाकर टीम को आसान जीत दिला दी।


मेजबान दरभंगा ने 38 रन से जीता मुकाबला


दिन के तीसरे मैच में मेजबान दरभंगा प्रमंडल ने पूर्णिया को 38 रनों से शिकस्त दी। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए दरभंगा ने 12 ओवर में पांच विकेट पर 99 रन बनाए। आदित्य राज ने 27, सुफियान ने 26 और प्रियांशु राज ने 14 रन की उपयोगी पारियां खेलीं।


100 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पूर्णिया की टीम दरभंगा के गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी और पूरी टीम 61 रनों पर सिमट गई। इस जीत के साथ दरभंगा ने क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली, जहां उसका सामना पटना प्रमंडल से होगा।


अंपायर और आयोजन टीम ने संभाली जिम्मेदारी


प्रतियोगिता के मुकाबलों में बक्सर के राजीव कमल मिश्रा, मुजफ्फरपुर के सन्नी वर्मा, खगड़िया के मनोहर कुमार, बेगूसराय के शाहिद अख्तर, पटना के अविनाश शुक्ला, संजय कुमार सिंह और धनंजय कुमार तथा पूर्णिया के राघव ठाकुर ने अंपायर की भूमिका निभाई।


तकनीकी और व्यवस्थागत संचालन में बीसीसीआई क्यूरेटर भागलपुर के देवीशंकर, जिला खेल विभाग के अंशु सिन्हा और कुंदन कुमार तथा स्कोरर सतीश कुमार ने योगदान दिया।


पटेल मैदान में बिहार के उभरते क्रिकेट खिलाड़ियों वैभव सूर्यवंशी, अनुकूल राय और मोहम्मद आलम के आकर्षक होर्डिंग्स भी खिलाड़ियों और खेलप्रेमियों के लिए खास आकर्षण बने रहे। चार दिवसीय प्रतियोगिता के पहले दिन के नतीजों ने आगे के मुकाबलों को लेकर उत्सुकता बढ़ा दी है।


पूरी खबर पढ़ने के लिए Alam Ki Khabar पढ़ें।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *