:
Breaking News

घरेलू विवाद में महिला की संदिग्ध मौत, परिजनों ने ससुराल पक्ष पर लगाया हत्या का आरोप

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

अमरदीप नारायण प्रसाद | समस्तीपुर

समस्तीपुर जिले के कल्याणपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ध्रुवगामा पंचायत के वार्ड संख्या-10 में एक विवाहिता महिला की विषपान से मौत का मामला सामने आया है। हालांकि मृतका के मायके पक्ष ने इसे आत्महत्या नहीं बल्कि हत्या बताते हुए ससुराल पक्ष के लोगों पर गंभीर आरोप लगाए हैं।

मृतका की पहचान खुशबू कुमारी के रूप में की गई है। परिजनों द्वारा दूरभाष पर दी गई सूचना के आधार पर कल्याणपुर थाना की पुलिस मौके पर पहुँची। सूचना मिलने के बाद अपर थानाध्यक्ष दीपक कुमार झा एवं एसआई सुमन कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुँचे, जहां पता चला कि शव को अंतिम संस्कार के लिए श्मशान घाट ले जाया जा चुका है।

पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए श्मशान घाट पहुँचकर चिता पर रखे शव को बरामद कर लिया। पुलिस के पहुँचते ही मौके पर मौजूद परिजन एवं ग्रामीण वहाँ से फरार हो गए। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, समस्तीपुर भेज दिया गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतका की शादी वर्ष 2016 में ध्रुवगामा पंचायत के मिर्जापुर गांव निवासी रामानंद शर्मा के पुत्र गोविंद कुमार शर्मा के साथ हिंदू रीति-रिवाज से हुई थी। मृतका का मायका खानपुर थाना क्षेत्र के शादीपुर खराज गांव में है। खुशबू कुमारी के दो छोटे पुत्र भी हैं।

ग्रामीणों के अनुसार, घटना से पूर्व मृतका की सास के साथ कहासुनी हुई थी, जिसके बाद उसने कथित तौर पर घर में जाकर विषपान कर लिया। उस समय घर में कोई मौजूद नहीं था और पति काम पर गया हुआ था। हालांकि मृतका के मायके पक्ष ने इन दावों को सिरे से खारिज करते हुए ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाया है।

इस संबंध में अपर थानाध्यक्ष दीपक कुमार झा ने बताया कि मामला संदिग्ध है और सभी बिंदुओं पर गहन जांच की जा रही है। मृतका के परिजनों द्वारा आवेदन प्राप्त होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों के बयान का इंतजार कर रही है।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *