:
Breaking News

शिक्षक प्रशिक्षण में फर्जीवाड़ा: फर्जी अभ्यर्थी गिरफ्तार

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

समस्तीपुर | मुफ्फसिल थाना क्षेत्र

समस्तीपुर पुलिस ने शिक्षक प्रशिक्षण में फर्जीवाड़े के एक गंभीर मामले का खुलासा करते हुए एक महिला को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई मुफ्फसिल थाना क्षेत्र अंतर्गत अध्यापक शिक्षा महाविद्यालय, आजाद चौक, धरमपुर में की गई, जहां प्राथमिक शिक्षा एवं सर्व शिक्षा अभियान के तहत आयोजित 05 दिवसीय प्रशिक्षण चल रहा था।

घटना 15 दिसंबर 2025 की है। प्रशिक्षण के दौरान सूचना मिली कि सोनी कुमारी नामक महिला, प्राथमिक विद्यालय आलमपुर, प्रखंड-विभूतिपुर की शिक्षिका हीना प्रवीण के स्थान पर फर्जी तरीके से प्रशिक्षण प्राप्त कर रही है। सूचना मिलते ही डायल-112 और मुफ्फसिल थाना की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और महिला को रंगे हाथ पकड़ लिया।

पुलिस ने महिला को अपनी अभिरक्षा में लेकर मुफ्फसिल थाना लाया, जहां महाविद्यालय के प्राचार्य द्वारा दिए गए आवेदन के आधार पर मुफ्फसिल थाना कांड संख्या 498/25, दिनांक 15.12.2025 के तहत मामला दर्ज किया गया। आरोपी महिला पर धारा 319(2), 318(4), 336(3), 340(2) एवं 61(2) भारतीय न्याय संहिता के तहत केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।

प्रेस कांफ्रेंस में हुआ खुलासा

इस पूरे मामले की जानकारी अनुमंडल पदाधिकारी सदर-1 द्वारा प्रेस कांफ्रेंस आयोजित कर पत्रकारों को दी गई, जिसमें फर्जीवाड़े की पुष्टि करते हुए पुलिस कार्रवाई की जानकारी साझा की गई। वहीं दूसरी ओर, पुलिस अधीक्षक, समस्तीपुर कार्यालय की ओर से भी इस संबंध में आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर गिरफ्तारी और दर्ज कांड की पुष्टि की गई है।

पूछताछ में हुआ बड़ा खुलासा

पुलिस पूछताछ के दौरान गिरफ्तार महिला सोनी कुमारी ने स्वीकार किया कि वह यह प्रशिक्षण महिला शिक्षिका हीना प्रवीण तथा एक निजी विद्यालय की शिक्षिका अनिता कुमारी के कहने पर लेने आई थी। इस खुलासे के बाद मामला और भी गंभीर हो गया है।

पुलिस के अनुसार, अन्य संलिप्त अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है और मामले की अग्रिम अनुसंधान किया जा रहा है।

गिरफ्तार आरोपी का विवरण

नाम: सोनी कुमारी
पति का नाम: कृष्ण कुमार
पता: लगुनिया सूर्यकंठ, थाना-मुफ्फसिल, जिला-समस्तीपुर

इस घटना ने शिक्षक प्रशिक्षण व्यवस्था की पारदर्शिता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब यह देखना अहम होगा कि जांच के दायरे में और कौन-कौन आते हैं।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *