:
Breaking News

दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर मौत का मंजर: टक्कर के बाद पिकअप बनी आग का गोला, तीन की जलकर दर्दनाक मौत

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

अलवर | संवाददाता

दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे मंगलवार देर रात एक बार फिर रफ्तार की कीमत जान देकर चुकाने का गवाह बना। अलवर जिले के रैणी थाना क्षेत्र में आधी रात के करीब हुए भीषण सड़क हादसे में एक पिकअप वाहन आग का गोला बन गया। हादसे में वाहन में सवार तीन लोगों की जिंदा जलकर मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से झुलस गया, जिसे जयपुर रेफर किया गया है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, पिकअप को ड्राइवर साइड से किसी अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि चंद सेकेंड में ही पिकअप में आग भड़क उठी। आग की लपटें तेजी से फैल गईं, जिससे वाहन में फंसे लोगों को बाहर निकलने का कोई मौका तक नहीं मिला।

सीट से चिपके मिले शव, रोंगटे खड़े कर देने वाला दृश्य

घटना स्थल पर पहुंची पुलिस और राहत दल के सामने मंजर बेहद भयावह था। आग बुझने के बाद जब पिकअप की जांच की गई तो तीनों शव सीटों से चिपके हुए मिले। पुलिस के अनुसार, आग की तीव्रता इतनी अधिक थी कि वाहन पूरी तरह जलकर खाक हो गया।

मृतकों की पहचान, एक की हालत नाजुक

पुलिस ने मृतकों की पहचान मोहित (बहादुरगढ़, हरियाणा), दीपेंद्र और पदम (दोनों सागर, मध्यप्रदेश) के रूप में की है। हादसे में गंभीर रूप से घायल चालक हन्नी (झज्जर, हरियाणा) को प्राथमिक उपचार के बाद जयपुर रेफर किया गया है, जहां उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।

एक्सप्रेसवे पर मचा हड़कंप, ट्रैफिक ठप

हादसे के बाद एक्सप्रेसवे पर अफरा-तफरी मच गई। आग की लपटें और धुएं का गुबार देख अन्य वाहन चालकों में दहशत फैल गई, जिसके चलते दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। स्थानीय लोगों ने मदद की कोशिश की, लेकिन मौके पर आग बुझाने की कोई त्वरित व्यवस्था नहीं होने के कारण वे असहाय नजर आए।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

एएसआई मोहम्मद आमीन ने बताया कि हादसे के सही कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। एक्सप्रेसवे पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि यह पता चल सके कि पिकअप को किस वाहन ने टक्कर मारी थी। फिलहाल शवों को रैणी अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया गया है और परिजनों के आने के बाद पोस्टमार्टम कराया जाएगा।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *