:
Breaking News

आईजी विवेक कुमार ने पुलिस कार्यालय बाँका का किया विस्तृत निरीक्षण, अभिलेखों से लेकर थाना भवनों तक की हुई गहन समीक्षा

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

बाँका।आज बुधवार को पुलिस महानिरीक्षक, पूर्वी क्षेत्र, भागलपुर, श्री विवेक कुमार द्वारा पुलिस कार्यालय, बाँका का व्यापक एवं विस्तृत निरीक्षण किया गया। पुलिस कार्यालय परिसर में उनके आगमन पर उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर की सलामी दी गई, जिसके पश्चात उन्होंने कार्यालयीन कार्यों की समीक्षा प्रारंभ की।

निरीक्षण के दौरान आईजी ने पुलिस कार्यालय बाँका में संधारित सभी महत्वपूर्ण पंजियों एवं अभिलेखों का क्रमवार अवलोकन किया। इस क्रम में उपस्थिति पंजी एवं अभ्यागत पंजी, लंबित एवं निष्पादित कांडों के निष्पादन से संबंधित पंजी, जमानतीय एवं अजमानतीय वारंट तथा कुर्की निष्पादन से जुड़े अभिलेखों की विस्तार से समीक्षा की गई। उन्होंने लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन तथा विधिसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इसके साथ ही भवन निर्माण से संबंधित पंजियों, पुलिस कार्यालय एवं थाना परिसरों के रखरखाव से जुड़े अभिलेख, वित्तीय लेन-देन एवं बजट व्यय से संबंधित पंजियों की भी गहन जांच की गई। आईजी ने वित्तीय मामलों में पूर्ण पारदर्शिता बनाए रखने तथा सभी अभिलेखों को अद्यतन रखने पर विशेष जोर दिया।

आईजी विवेक कुमार ने विभिन्न आयोगों से प्राप्त शिकायतों एवं मामलों के निष्पादन, सूचना के अधिकार (RTI) से जुड़े आवेदनों की स्थिति की भी समीक्षा की और समय-सीमा के भीतर जवाब सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त उन्होंने मद्य निषेध शाखा से संबंधित सभी पंजियों, जब्ती एवं कार्रवाई की स्थिति की समीक्षा करते हुए अभियान को और प्रभावी बनाने पर बल दिया।

निरीक्षण के दौरान अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी कार्यालय, अंचल पुलिस निरीक्षक कार्यालय एवं जिले के विभिन्न थाना भवनों की भौतिक स्थिति की भी जानकारी ली गई। उन्होंने अधिकारियों को थाना परिसरों की साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था एवं बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक, बाँका, पुलिस उपाधीक्षक (साइबर), पुलिस उपाधीक्षक (यातायात), पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय), पुलिस उपाधीक्षक (रक्षित), अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, बाँका थानाध्यक्ष सहित पुलिस कार्यालय बाँका में पदस्थापित सभी पुलिस पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।
निरीक्षण के अंत में आईजी ने अधिकारियों एवं कर्मियों को अनुशासन, जवाबदेही एवं जनहित में संवेदनशील पुलिसिंग को प्राथमिकता देने का संदेश दिया।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *