:
Breaking News

हलसी में एसडीएम प्रभाकर कुमार की अध्यक्षता में मासिक समीक्षा बैठक, पेयजल, अतिक्रमण और कृषि योजनाओं पर मंथन

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

लखीसराय जिले के हलसी प्रखंड मुख्यालय स्थित सभागार भवन में बुधवार को अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीएम) लखीसराय श्री प्रभाकर कुमार की अध्यक्षता में प्रखंड स्तरीय मासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रखंड क्षेत्र से जुड़े विकासात्मक, प्रशासनिक एवं जनहित से संबंधित विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई तथा संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक की शुरुआत से पूर्व पूर्व प्रखंड विकास पदाधिकारी श्री अर्पित आनंद द्वारा एसडीएम श्री प्रभाकर कुमार को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया। बैठक में प्रखंड के सभी विभागों के पदाधिकारी, पंचायतों के मुखिया, मुखिया प्रतिनिधि एवं अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

बैठक के दौरान पेयजल की समस्या प्रमुख मुद्दे के रूप में सामने आई। मोहदीनगर पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि श्री चंदन कुमार ने वार्ड संख्या 1, 2, 8, 14 एवं 15 में नल-जल योजना के तहत पानी की आपूर्ति बाधित होने की शिकायत की। उन्होंने बताया कि कई बार प्रखंड पीएचईडी के कनीय अभियंता को सूचित किया गया, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हो पाया है। इस पर एसडीएम ने संबंधित विभाग को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।

सिरसिंडी पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि श्री लालबहादुर केवट ने लहुआरा मुख्य मार्ग पर पथ निर्माण विभाग द्वारा योजना बोर्ड लगाए जाने के बावजूद कार्य शुरू नहीं होने का मुद्दा उठाया। साथ ही उन्होंने नोमा आंगनबाड़ी केंद्र में पेयजल की सुविधा नहीं होने की शिकायत की। इस पर सीडीपीओ श्रीमती कुमारी मुक्ता ने बताया कि पेयजल आपूर्ति को लेकर पीएचईडी विभाग को सूचना दे दी गई है।

वहीं भनपुरा पंचायत के मुखिया श्री रंजीत कुमार उर्फ राजू पासवान ने कृषि विभाग की योजनाओं की जानकारी पंचायत स्तर पर नहीं दिए जाने पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि कृषि विभाग को सभी पंचायतों में चौपाल लगानी थी, लेकिन जनप्रतिनिधियों को इसकी सूचना नहीं दी गई। इसके साथ ही उन्होंने डीलरों द्वारा लाभार्थियों को रसीद नहीं देने की शिकायत भी उठाई।

बैठक में बाजार एवं ग्रामीण क्षेत्रों में अतिक्रमण का मामला भी छाया रहा। कनियारी आंगनबाड़ी केंद्र पर अतिक्रमण की सूचना पर सीडीपीओ कुमारी मुक्ता एवं अंचल अधिकारी श्री संजीव कुमार ने बताया कि मामले की जानकारी उन्हें मिल चुकी है और शीघ्र ही अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जाएगी।

बैठक को संबोधित करते हुए एसडीएम श्री प्रभाकर कुमार ने कहा कि सरकार के गठन के बाद लोगों की विकास से जुड़ी अपेक्षाएं बढ़ी हैं। उन्होंने मुंगेर प्रमंडल के आयुक्त के निर्देश का हवाला देते हुए कहा कि जनप्रतिनिधियों एवं प्रखंड पदाधिकारियों के साथ नियमित रूप से मासिक समीक्षा बैठकें आयोजित की जाएं, ताकि जनसमस्याओं का समयबद्ध समाधान हो सके। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए विकास कार्यों में तेजी लाने का निर्देश दिया।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *