:
Breaking News

पटना में महिला अपराध सरगना पर शिकंजा, अवैध शराब नेटवर्क चलाने वाली सुमन देवी दबोची गई

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

पटना।बिहार की राजधानी पटना में पुलिस ने अपराध और अवैध शराब कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक महिला अपराध सरगना को गिरफ्तार किया है। चौक थाना पुलिस ने कुख्यात सुमन देवी को दबोच लिया है, जो लंबे समय से राजधानी में सक्रिय शराब तस्करी और आपराधिक नेटवर्क की अहम कड़ी मानी जा रही थी।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, सुमन देवी पटना के कुख्यात अपराधी जयंत राय की पत्नी है। जयंत राय के जेल जाने के बाद सुमन ने गिरोह की कमान संभाल ली थी और अवैध शराब तस्करी के धंधे को नए सिरे से संगठित कर दिया था। पुलिस का दावा है कि उसकी गिरफ्तारी से पटना सिटी और आसपास के इलाकों में सक्रिय शराब माफिया नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है।

बताया जा रहा है कि सुमन देवी का इलाके में खासा खौफ था। स्थानीय लोगों के मुताबिक वह खुलेआम हथियार के साथ घूमती थी और विरोध करने वालों को डराने-धमकाने से भी नहीं चूकती थी। इसी खौफ के कारण लंबे समय तक लोग उसके खिलाफ खुलकर सामने आने से बचते रहे।

नदी के रास्ते होती थी शराब की सप्लाई

जांच में सामने आया है कि सुमन देवी ने शराब तस्करी के लिए सड़क मार्ग के बजाय गंगा नदी को माध्यम बनाया था। वैशाली जिले से नावों के जरिए शराब पटना सिटी तक लाई जाती थी। इसके लिए नाविकों का एक पूरा नेटवर्क तैयार किया गया था, जिन्हें हर खेप के बदले तय रकम दी जाती थी, ताकि पुलिस की चेकिंग से बचा जा सके।

कई मामलों में थी फरार

पुलिस के मुताबिक सुमन देवी पर हत्या, रंगदारी और शराबबंदी कानून से जुड़े करीब एक दर्जन मामले दर्ज हैं। वह लंबे समय से फरार थी और पुलिस की वांछित सूची में शामिल थी। गुप्त सूचना के आधार पर चौक थाना पुलिस ने विशेष टीम गठित कर छापेमारी की और उसे गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की।

नेटवर्क खंगालने में जुटी पुलिस

फिलहाल पुलिस सुमन देवी से गहन पूछताछ कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ के दौरान उसके गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों, सप्लाई चेन और कथित संरक्षण देने वालों की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस को उम्मीद है कि इस गिरफ्तारी के बाद अवैध शराब कारोबार से जुड़े कई अहम नाम सामने आ सकते हैं।

यह कार्रवाई एक बार फिर दिखाती है कि शराबबंदी के बावजूद अवैध तस्करी के खिलाफ पुलिस लगातार कार्रवाई में जुटी हुई है और ऐसे नेटवर्क को तोड़ने के लिए सख्ती से कदम उठा रही है।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *