:
Breaking News

भाजपा में नेतृत्व परिवर्तन का दिन, संजय सरावगी आज संभालेंगे प्रदेश की कमान

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

पटना:भारतीय जनता पार्टी के संगठन में गुरुवार को एक अहम अध्याय जुड़ने जा रहा है। नव मनोनीत प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी आज औपचारिक रूप से अपने पद की जिम्मेदारी संभालेंगे। पटना स्थित भाजपा प्रदेश मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम में निवर्तमान अध्यक्ष दिलीप जायसवाल उन्हें संगठन की कमान सौंपेंगे। इस मौके पर उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और वरिष्ठ नेता विजय कुमार सिन्हा की मौजूदगी कार्यक्रम को खास बनाएगी।

दरभंगा से राजधानी पटना पहुंच रहे संजय सरावगी के स्वागत को लेकर पार्टी ने व्यापक तैयारियाँ की हैं। शहर के प्रमुख मार्गों को पार्टी झंडों, बैनरों और पोस्टरों से सजाया गया है, वहीं कई स्थानों पर भव्य तोरण द्वार बनाए गए हैं। कार्यकर्ताओं में नए प्रदेश अध्यक्ष के स्वागत को लेकर खासा उत्साह देखा जा रहा है।

पटना पहुंचने के बाद संजय सरावगी सबसे पहले उच्च न्यायालय के समीप संविधान निर्माता बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण करेंगे। इसके बाद हजारों कार्यकर्ताओं के साथ खुली जीप में सवार होकर वे भाजपा प्रदेश कार्यालय के लिए रवाना होंगे। रास्ते में आयकर गोलंबर के पास लोकनायक जयप्रकाश नारायण की प्रतिमा पर भी श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी। दोपहर 12:30 बजे वे भाजपा के 18वें प्रदेश अध्यक्ष के रूप में पदभार ग्रहण करेंगे।

भाजपा मीडिया प्रभारी दानिश इकबाल के अनुसार, इस अवसर पर राज्य भर से बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता पटना पहुंच रहे हैं, जिससे समारोह को जनसमर्थन का स्वरूप मिलने की उम्मीद है।

इधर, उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने नितिन नवीन को पार्टी में मिली नई राष्ट्रीय जिम्मेदारी पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि नितिन नवीन का युवा नेतृत्व संगठन को नई दिशा और ऊर्जा देगा। चौधरी के अनुसार, उनका अनुभव और जोश आगामी पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु और केरल विधानसभा चुनावों में पार्टी के लिए अहम भूमिका निभाएगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे नए नेतृत्व के साथ कदम से कदम मिलाकर संगठन को और मजबूत बनाएं।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *