:
Breaking News

उपेंद्र कुशवाहा की पार्टी में उथल-पुथल, परिवारवाद के आरोपों के बीच नई नियुक्ति की तैयारी

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

बेटे के बाद अब बहू को एडजस्ट करने की चर्चा, आरएलएम में टूट की आशंका और गहराई

पटना / बिहार :राष्ट्रीय लोक मोर्चा (आरएलएम) में जारी अंदरूनी कलह के बीच एक बार फिर उपेंद्र कुशवाहा को लेकर सियासी हलकों में चर्चाएं तेज हो गई हैं। पार्टी के विधायकों में बगावत और टूट की अटकलों के बीच अब कुशवाहा पर परिवार को आगे बढ़ाने के आरोप और गहराने लगे हैं।
सूत्रों के मुताबिक, बेटे को पहले ही नीतीश कैबिनेट में जगह दिलाने के बाद अब उपेंद्र कुशवाहा की नजर अपनी बहू साक्षी मिश्रा को एक अहम पद पर सेट कराने पर है। बताया जा रहा है कि वे राज्य नागरिक परिषद में उपाध्यक्ष पद के लिए अपनी बहू का नाम आगे बढ़ा रहे हैं।
दरअसल, बिहार विधानसभा चुनाव के बाद उपेंद्र कुशवाहा की पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव माधव आनंद विधायक बन गए हैं। मधुबनी से जीत दर्ज करने के बाद उनके द्वारा संभाला जा रहा राज्य नागरिक परिषद का उपाध्यक्ष पद स्वतः रिक्त हो गया। इसी खाली पद को लेकर अब नई सियासी खींचतान शुरू हो गई है।
पार्टी से जुड़े सूत्रों का दावा है कि उपेंद्र कुशवाहा ने इस पद के लिए अपनी बहू साक्षी मिश्रा के नाम का प्रस्ताव भाजपा नेतृत्व तक भेज दिया है। हालांकि इस संबंध में अब तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन पार्टी के भीतर इस कदम को लेकर नाराजगी खुलकर सामने आने लगी है।
आरएलएम के एक बागी विधायक ने नाम न छापने की शर्त पर कहा कि पार्टी में पहले ही असंतोष चरम पर है। चार में से तीन विधायकों का नेतृत्व से दूरी बनाना और अब लगातार परिवार को आगे बढ़ाने की कोशिशें संगठन को कमजोर कर रही हैं।
गौरतलब है कि राष्ट्रीय लोक मोर्चा में बीते कुछ समय से अंदरूनी घमासान जारी है। विधायकों का एक धड़ा खुलकर नेतृत्व के खिलाफ मोर्चा खोल चुका है और किसी भी समय पार्टी में बड़ी टूट की संभावना जताई जा रही है। ऐसे हालात में उपेंद्र कुशवाहा की यह रणनीति पार्टी को एकजुट करेगी या और नुकसान पहुँचाएगी, यह आने वाले दिनों में साफ हो जाएगा।
बहरहाल, बिहार की राजनीति में यह सवाल तेजी से उठने लगा है कि क्या उपेंद्र कुशवाहा संगठन को संभालने से ज्यादा परिवार के राजनीतिक भविष्य को प्राथमिकता दे रहे हैं।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *