:
Breaking News

‘हैप्पी न्यू ईयर’ मैसेज के बहाने खाली हो सकता है बैंक खाता,पटना पुलिस ने जारी की एडवाइजरी

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

पटना / बिहार :
नए साल के जश्न से पहले ही साइबर अपराधियों की गतिविधियां तेज हो गई हैं। इसे देखते हुए पटना पुलिस ने आम लोगों को साइबर ठगी से सतर्क रहने की चेतावनी जारी की है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, “हैप्पी न्यू ईयर” के नाम से आने वाले आकर्षक मैसेज और लिंक लोगों के लिए खतरे का कारण बन सकते हैं।
साइबर पुलिस को आशंका है कि अपराधी नए साल के मौके का फायदा उठाकर खास तौर पर डिज़ाइन किए गए मैसेज और लिंक भेज सकते हैं। जैसे ही कोई व्यक्ति ऐसे लिंक पर क्लिक करता है या फाइल डाउनलोड करता है, उसके मोबाइल या बैंक खाते तक अपराधियों की पहुंच बन जाती है। पिछले वर्ष भी इस तरह के कई मामले सामने आए थे, जिनमें लोगों के खातों से कुछ ही मिनटों में पैसे गायब हो गए थे।
पटना पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी अज्ञात नंबर या संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करें। खासतौर पर बच्चों और बुजुर्गों को इस तरह के साइबर फ्रॉड के बारे में जागरूक करने की जरूरत बताई गई है, ताकि वे अनजान लोगों के झांसे में न आएं।
पुलिस ने यह भी चेतावनी दी है कि सरकारी योजनाओं, लॉटरी या इनाम के नाम पर भी साइबर ठग सक्रिय हैं। ऐसे फर्जी मैसेज के जरिए लोगों से ओटीपी और निजी जानकारी लेकर खाते खाली किए जा सकते हैं।
इस बढ़ते खतरे को देखते हुए पटना साइबर थाना सोमवार से सोशल मीडिया के माध्यम से विशेष जागरूकता अभियान शुरू करेगा। साथ ही पुलिस ने लोगों को अपने मोबाइल में सिम लॉक रखने और बैंकिंग से जुड़ी सुरक्षा सेटिंग्स मजबूत करने की सलाह दी है।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि थोड़ी सी सतर्कता लोगों को बड़े आर्थिक नुकसान से बचा सकती है।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *