:
Breaking News

नए साल पर पटना में सैर होगी महंगी, जू-इको पार्क की एंट्री फीस बढ़ी, खास इंतजाम

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

पटना।नए साल के जश्न के लिए अगर आप 1 जनवरी को पटना जू या इको पार्क घूमने का मन बना रहे हैं, तो पहले यह जान लेना जरूरी है कि इस बार सैर महंगी पड़ने वाली है। नववर्ष के मौके पर राजधानी के प्रमुख पार्कों और पर्यटन स्थलों की एंट्री फीस में विशेष बढ़ोतरी की गई है। इसके साथ ही, भारी भीड़ की संभावना को देखते हुए प्रशासन ने व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के लिए अतिरिक्त इंतजाम भी किए हैं।
जानकारी के अनुसार, 1 जनवरी को पटना चिड़ियाघर में टिकट के दाम सामान्य दिनों की तुलना में तीन गुना कर दिए गए हैं। इस दिन वयस्कों के लिए प्रवेश शुल्क 150 रुपये और 5 से 12 वर्ष तक के बच्चों के लिए 60 रुपये निर्धारित किया गया है। वहीं इको पार्क में भी विशेष दर लागू रहेगी, जहां बड़ों से 50 रुपये और बच्चों से 25 रुपये प्रवेश शुल्क लिया जाएगा।
इसके अलावा शिवाजी पार्क, पुनाइचक पार्क, नवीन सिन्हा पार्क, वीर कुंवर सिंह पार्क और एसके पुरी चिल्ड्रेन पार्क समेत अन्य उद्यानों में भी नए साल के दिन 25 से 50 रुपये तक का एकदिवसीय विशेष शुल्क तय किया गया है।
भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पटना जू प्रशासन ने अतिरिक्त टिकट काउंटर लगाने का फैसला किया है। आम दिनों में जहां चार काउंटर होते हैं, वहीं 1 जनवरी को कुल 14 टिकट काउंटर संचालित किए जाएंगे। ऑनलाइन टिकट बुकिंग की सुविधा को भी और मजबूत किया गया है। सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त सुरक्षाकर्मी और स्टाफ की तैनाती की जाएगी।
हालांकि, 1 जनवरी को चिड़ियाघर आने वाले पर्यटकों को कुछ सुविधाओं से वंचित रहना पड़ेगा। इस दिन बोटिंग, ई-रिक्शा, बैटरी चालित वाहन, एक्वेरियम, नॉक्टर्नल हाउस और 3D थिएटर बंद रहेंगे। पटना जू सुबह 7:30 बजे से शाम 4:30 बजे तक पर्यटकों के लिए खुला रहेगा।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *