:
Breaking News

प्रकाश पर्व में सुरक्षा पर सवाल, पटना सिटी में सिख महिला से चाकू की नोक पर लूट

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

पटना।प्रकाश पर्व के दौरान पटना सिटी में श्रद्धालुओं की भीड़ के बीच एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। पंजाब से आई एक सिख महिला से बदमाशों ने चाकू की नोक पर लूटपाट की और विरोध करने पर उस पर हमला कर दिया। घटना रविवार सुबह की है, जिससे इलाके में दहशत का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार, गुरदासपुर (पंजाब) की रहने वाली उत्तमप्रीत कौर अपनी चाची सर्वजीत कौर के साथ तख्त श्री हरमंदिर साहिब से बाल लीला गुरुद्वारा की ओर जा रही थीं। इसी दौरान एक तंग गली में पहले से घात लगाए बैठे दो बदमाशों ने उन्हें घेर लिया। बदमाशों ने मोबाइल और पैसे छीनने की कोशिश की। जब महिला ने विरोध किया तो हमलावरों ने चाकू से वार कर दिया और करीब आठ हजार रुपये नकद व एक मोबाइल फोन लेकर फरार हो गए।
घटना के बाद आसपास के लोगों ने घायल महिला को तुरंत नालंदा मेडिकल कॉलेज अस्पताल (एनएमसीएच) पहुंचाया। चिकित्सकों के अनुसार चाकू लगने से वह घायल हुई थीं, हालांकि समय पर इलाज मिलने से उनकी हालत अब स्थिर है और प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है।
मामले की सूचना मिलते ही चौक थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पटना सिटी के सर्किल इंस्पेक्टर दिनेश कुमार ने बताया कि पुलिस घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कर रही है। अपराधियों की तलाश में कई टीमों को लगाया गया है और जल्द गिरफ्तारी का दावा किया जा रहा है।
इस वारदात ने प्रकाश पर्व के दौरान सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। आयोजन को लेकर प्रशासन द्वारा सुरक्षा को लेकर लगातार बैठकें और दावे किए जा रहे थे, लेकिन श्रद्धालुओं के साथ हुई इस घटना से सिख संगत और स्थानीय लोगों में नाराजगी है। लोगों ने दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए कड़े सुरक्षा इंतजाम की मांग की है।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *