:
Breaking News

जमुई रेल हादसे से हड़कंप, 14 ट्रेनें रद्द, 53 से अधिक ट्रेनों का बदला रूट

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

जमुई।जिले में हुए रेल हादसे के बाद पूर्व मध्य रेलवे के कई रूटों पर ट्रेनों का संचालन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। झाझा–जसीडीह रेलखंड पर मालगाड़ी के पलटने और घने कोहरे की वजह से दिल्ली–हावड़ा मुख्य मार्ग पर रेल यातायात बाधित रहा, जिससे यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
रेलवे प्रशासन ने एहतियात के तौर पर 14 ट्रेनों को अगले आदेश तक रद्द कर दिया है। इनमें 6 मेमू ट्रेनें भी शामिल हैं। इसके अलावा 53 से अधिक ट्रेनों के मार्ग परिवर्तित किए गए हैं, जिनमें लोकल के साथ-साथ लंबी दूरी की महत्वपूर्ण ट्रेनें भी हैं।
जानकारी के अनुसार, पटना से हावड़ा जाने वाली कई ट्रेनों को गया रूट से चलाया जा रहा है। पटना–हावड़ा वंदे भारत एक्सप्रेस को भी गया होते हुए आसनसोल तक डायवर्ट किया गया है। वहीं हावड़ा–राजेंद्र नगर एक्सप्रेस को रेलवे ने पूरी तरह रद्द कर दिया है। पटना–धनबाद एक्सप्रेस, पाटलिपुत्र एक्सप्रेस और टाटा–बक्सर एक्सप्रेस समेत कई ट्रेनों के रूट बदले गए हैं।
रेलवे सूत्रों के मुताबिक, शनिवार देर रात झाझा–जसीडीह सेक्शन में टेलवा हॉल्ट ब्रिज के पास सीमेंट लदी एक मालगाड़ी हादसे का शिकार हो गई। मालगाड़ी की करीब 16 बोगियां पटरी से उतर गईं, जिनमें से 6–7 बोगियां पुल से नीचे नदी में लटक गईं। कुछ डिब्बे नदी में गिर गए, जबकि कई बोगियां अप और डाउन लाइन के आसपास बिखरी पड़ी हैं। हादसे के बाद दोनों लाइनों पर परिचालन पूरी तरह ठप हो गया।
फिलहाल दुर्घटना के कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है। रेलवे की तकनीकी टीम मौके पर पहुंचकर राहत एवं बहाली कार्य में जुटी हुई है। प्रशासन का कहना है कि ट्रैक क्लियर होने में समय लग सकता है और यात्रियों से अपील की गई है कि वे यात्रा से पहले ट्रेन की स्थिति की जानकारी जरूर ले लें।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *