:
Breaking News

टाटा–एर्नाकुलम एक्सप्रेस में भीषण आग, दो कोच जलकर खाक, एक यात्री की मौत

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

विशाखापट्टनम (आंध्र प्रदेश)।
आंध्र प्रदेश के यलमंचिली इलाके में रविवार देर रात एक भीषण रेल हादसा हो गया। टाटा से केरल के एर्नाकुलम जा रही टाटा–एर्नाकुलम एक्सप्रेस में अचानक आग लगने से दो कोच पूरी तरह जलकर खाक हो गए। इस दर्दनाक घटना में एक बुजुर्ग यात्री की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि सैकड़ों यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, ट्रेन जब विशाखापट्टनम के दुव्वाडा होते हुए आगे बढ़ रही थी, तभी पैंट्री कार के पास स्थित बी-1 और एम-2 कोच में आग भड़क उठी। आग की लपटें और धुआं देखते ही लोको पायलट ने तुरंत ट्रेन रोक दी। समय रहते यात्रियों को कोच से बाहर निकाल लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
आग लगने की सूचना मिलते ही रेलवे, पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। अनकापल्ली के एसपी तुहिन सिन्हा ने बताया कि आग इतनी भीषण थी कि दोनों कोच में रखा यात्रियों का सामान पूरी तरह जल गया।
रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, एक कोच में 82 और दूसरे में 76 यात्री सवार थे। सुबह करीब 3:30 बजे क्षतिग्रस्त डिब्बों को ट्रेन से अलग कर दिया गया। प्रभावित यात्रियों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने के लिए तीन एपीएसआरटीसी बसों से समरलाकोटा स्टेशन भेजा गया, जहां से उन्हें आगे की यात्रा के लिए वैकल्पिक व्यवस्था दी गई।
इस हादसे में बी-1 कोच में सवार विशाखापट्टनम निवासी 70 वर्षीय चंद्रशेखर सुंदर की जलकर मौत हो गई। आग लगने के कारणों की जांच के लिए दो फोरेंसिक टीमों को लगाया गया है। रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर डटे हुए हैं और हादसे से जुड़ी हर पहलू की जांच की जा रही है।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *