:
Breaking News

लखीसराय में बाल विवाह के खिलाफ जागरूकता की मजबूत पहल, छात्राओं ने ली शपथ

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

लखीसराय जिले में बाल विवाह के खिलाफ समाज को जागरूक करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। महिला एवं बाल विकास निगम और जिला विधिक प्राधिकार, लखीसराय के संयुक्त तत्वावधान में 100 दिवसीय बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, पहाड़पुर (बड़हिया) में जागरूकता सह शपथ कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला परियोजना प्रबंधक डॉ. मनोज कुमार सिन्हा ने की। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि बाल विवाह बच्चों के मौलिक अधिकारों पर सीधा प्रहार है। इससे खासकर बालिकाओं का शारीरिक, मानसिक और सामाजिक विकास बाधित होता है। कम उम्र में विवाह और गर्भावस्था से गंभीर स्वास्थ्य जोखिम पैदा होते हैं, जो कई बार जानलेवा भी साबित हो सकते हैं। उन्होंने समाज से अपील की कि बाल विवाह के खिलाफ एकजुट होकर इसे पूरी तरह समाप्त करने का संकल्प लें।
कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन से हुई, जिसमें जिला मिशन समन्वयक प्रशांत कुमार, सामाजिक कार्यकर्ता विनोद कुमार, अधिकार मित्र अजय कुमार यादव और विद्यालय की वार्डन सह शिक्षिका सुधा कुमारी शामिल रहीं। छात्राओं ने स्वागत गीत प्रस्तुत कर अतिथियों का अभिनंदन किया।
जिला मिशन समन्वयक प्रशांत कुमार ने अभियान की रूपरेखा पर प्रकाश डालते हुए कहा कि बाल विवाह मुक्त समाज का निर्माण तभी संभव है, जब आमजन, अभिभावक और युवा वर्ग मिलकर सतर्कता और जागरूकता के साथ आगे आएं।
सामाजिक कार्यकर्ता विनोद कुमार ने बाल विवाह को समाज की गंभीर कुरीति बताते हुए कहा कि यह न केवल बच्चों का भविष्य छीनता है, बल्कि देश की सामाजिक और आर्थिक प्रगति में भी बाधा बनता है। उन्होंने बताया कि बाल विवाह कानूनन अपराध है, जिसके लिए कड़ी सजा का प्रावधान है।
अधिकार मित्र अजय कुमार यादव ने जरूरतमंदों के लिए उपलब्ध कानूनी सहायता की जानकारी देते हुए टॉल फ्री नंबर 15100 और चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 के बारे में बताया। वहीं, वार्डन सह शिक्षिका सुधा कुमारी ने छात्राओं को माहवारी स्वच्छता प्रबंधन पर महत्वपूर्ण जानकारी दी और स्वच्छता के प्रति जागरूक किया।
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों को बाल विवाह के खिलाफ सामूहिक शपथ दिलाई गई। छात्राओं के बीच माहवारी स्वच्छता प्रबंधन किट्स का वितरण भी किया गया, जिसे पाकर छात्राएं काफी उत्साहित नजर आईं। कार्यक्रम ने बाल विवाह उन्मूलन के प्रति एक सकारात्मक संदेश दिया और समाज में बदलाव की उम्मीद को मजबूत किया।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *