:
Breaking News

भीषण सड़क हादसा: अल्मोड़ा में यात्रियों से भरी बस खाई में समाई, कई की मौत की आशंका

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। भिकियासैंण के पास यात्रियों से भरी एक बस अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में छह से सात यात्रियों के मारे जाने की आशंका जताई जा रही है, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।
दुर्घटना की जानकारी मिलते ही स्टेट डिजास्टर रिस्पॉन्स फोर्स (SDRF) की टीमें मौके पर पहुंच गईं। खाई में उतरे जवानों ने स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया, जो समाचार लिखे जाने तक जारी था। घायलों को पहले भिकियासैंण के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से गंभीर हालत वाले यात्रियों को बेहतर इलाज के लिए उच्च चिकित्सा केंद्रों में रेफर किया गया है।
अल्मोड़ा के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देवेंद्र पिंचा ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और बचाव दल को घटनास्थल पर भेज दिया गया। प्रारंभिक जानकारी में कुछ यात्रियों की मौत की पुष्टि सामने आई है, जबकि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं और वे स्वयं पूरे घटनाक्रम की निगरानी कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर लिखा कि यह घटना अत्यंत दुखद और हृदय विदारक है, तथा घायलों के समुचित इलाज की पूरी व्यवस्था की जा रही है।
केंद्रीय मंत्री एवं अल्मोड़ा-पिथौरागढ़ से सांसद अजय टम्टा ने भी हादसे पर दुख जताया। उन्होंने बताया कि प्रशासन, पुलिस और बचाव एजेंसियां मौके पर मौजूद हैं और राहत कार्य तेजी से चल रहा है। घायलों को तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।
फिलहाल दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करने की अपील की है।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *