:
Breaking News

जमुई रेल हादसा: 48 घंटे बाद भी पटरी पर नहीं लौटी रफ्तार, हावड़ा–दिल्ली रूट प्रभावित

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

बिहार के जमुई जिले में हुए मालगाड़ी हादसे के दो दिन बीत जाने के बावजूद रेल परिचालन अब तक पूरी तरह सामान्य नहीं हो सका है। झाझा–जसीडीह रेलखंड पर सिमुलतला के टेलवा हॉल्ट के पास ब्रिज पर फंसी मालगाड़ी की बोगियों ने हावड़ा–नई दिल्ली जैसे व्यस्ततम रेल मार्ग की रफ्तार थाम दी है। ट्रैक पर अभी भी अवरोध बना हुआ है, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
शनिवार देर रात करीब 11 बजे सीमेंट लदी मालगाड़ी की कई बोगियां अचानक पटरी से उतर गई थीं। इस मालगाड़ी में कुल 42 बोगियां थीं, जिनमें से 22 बोगियां बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। हादसे के दौरान कुछ बोगियां सीधे ब्रिज के नीचे जा गिरीं, जबकि कई बोगियां ब्रिज के बीचों-बीच इस तरह फंस गईं कि उन्हें हटाना रेलवे के लिए बड़ी चुनौती बन गया।
रेलवे ने फंसी बोगियों को निकालने के लिए भारी-भरकम घटोतकक्ष क्रेन मंगाई है। मौके पर सैकड़ों रेलकर्मी और इंजीनियर जुटे हुए हैं। क्रेन, जेसीबी और पोकलेन मशीनों की मदद से युद्धस्तर पर काम चल रहा है, ताकि ट्रैक को जल्द से जल्द साफ किया जा सके और परिचालन बहाल हो सके।
फिलहाल किऊल से झाझा तक डाउन लाइन पर केवल लोकल और ईएमयू ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है। झाझा से पटना की ओर भी यात्रियों को ईएमयू या सवारी ट्रेनों का ही सहारा लेना पड़ रहा है। लंबी दूरी की एक्सप्रेस या सुपरफास्ट ट्रेनों से सफर करने वाले यात्रियों को किऊल स्टेशन पहुंचकर ही आगे की यात्रा करनी पड़ रही है।
जमुई स्टेशन मास्टर नीतीश कुमार ने बताया कि राहत कार्य तेजी से जारी है और उम्मीद है कि दोपहर तक ट्रैक को आंशिक रूप से चालू कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि यात्रियों की सुविधा के लिए कुछ लोकल ट्रेनों का परिचालन जारी रखा गया है।
इस हादसे के बाद रेलवे ने एहतियातन 14 ट्रेनों को अगले आदेश तक रद्द कर दिया है, जबकि 53 ट्रेनों के मार्ग में बदलाव किया गया है। कई प्रमुख एक्सप्रेस और मेमू ट्रेनें इस दुर्घटना के कारण प्रभावित हुई हैं।
रेलवे प्रशासन का कहना है कि बोगियां हटते ही मरम्मत कार्य पूरा कर परिचालन को पूरी तरह सामान्य किया जाएगा, लेकिन तब तक यात्रियों को वैकल्पिक इंतजामों के साथ ही सफर करना होगा।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *