:
Breaking News

टीवी अभिनेत्री नंदिनी सीएम का निधन, बेंगलुरु में मिली मृत अवस्था में

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

हैदराबाद/बेंगलुरु। कन्नड़ और तमिल टेलीविजन जगत की उभरती अभिनेत्री नंदिनी सीएम का 26 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। बेंगलुरु के केंगेरी इलाके में स्थित अपने पेइंग गेस्ट आवास में वह मृत पाई गईं। इस घटना से टीवी इंडस्ट्री और उनके प्रशंसकों में शोक की लहर है।
पुलिस के अनुसार नंदिनी मैलासंद्रा स्थित पीजी में रह रही थीं। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि घटना 28 दिसंबर की देर रात से 29 दिसंबर की तड़के के बीच की है। 29 दिसंबर की सुबह जब वह फोन कॉल का जवाब नहीं दे पाईं, तो उनके एक परिचित ने पीजी प्रबंधन को सूचना दी। दरवाजा खोलने पर वह कमरे के अंदर अचेत अवस्था में मिलीं, जिसके बाद पुलिस को सूचित किया गया।
पुलिस को मौके से एक डायरी और कथित सुसाइड नोट भी मिला है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, नोट में नंदिनी ने निजी कारणों और मानसिक दबाव का जिक्र किया है। बताया जा रहा है कि वह विवाह को लेकर मानसिक तनाव महसूस कर रही थीं। नंदिनी की मां की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है। परिजनों की ओर से किसी प्रकार की साजिश की आशंका नहीं जताई गई है।
हाल ही में नंदिनी तमिल टीवी सीरियल ‘गौरी’ में नजर आई थीं, जिससे उन्हें नई पहचान मिल रही थी। सोशल मीडिया पर उनके एक ऑन-स्क्रीन सीन को लेकर अटकलें भी सामने आईं, हालांकि पुलिस ने स्पष्ट किया है कि उनके टीवी रोल और मौत के बीच किसी तरह के संबंध के प्रमाण नहीं मिले हैं।
कर्नाटक के कोट्टूर की रहने वाली नंदिनी ने कन्नड़ टेलीविजन इंडस्ट्री में सहायक भूमिकाओं से अपने करियर की शुरुआत की थी। जीवा हूवागिदे, संघर्ष, मधुमगुलु और नीनाडे ना जैसे धारावाहिकों में उनके अभिनय को सराहा गया। मेहनत और लगन के बल पर उन्होंने कम समय में अपनी अलग पहचान बनाई थी।
नंदिनी सीएम के असामयिक निधन से टेलीविजन इंडस्ट्री ने एक प्रतिभाशाली कलाकार को खो दिया है। कलाकारों और दर्शकों ने उनके प्रति संवेदना व्यक्त की है।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *