:
Breaking News

बाल विवाह के खिलाफ छात्राओं ने ली शपथ, बिहरौरा कॉलेज में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

लखीसराय।डॉ. भीमराव अंबेडकर अनुसूचित जाति जनजाति महाविद्यालय, बिहरौरा में 100 दिवसीय ‘बाल विवाह मुक्त भारत अभियान’ के तहत जागरूकता सह शपथ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम महिला एवं बाल विकास निगम तथा विकासार्थ ट्रस्ट के संयुक्त तत्वावधान में संपन्न हुआ। इसका मुख्य उद्देश्य छात्राओं एवं समाज को बाल विवाह के दुष्परिणामों से अवगत कराना और इसके पूर्ण उन्मूलन हेतु सामूहिक संकल्प को मजबूत करना था।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रखंड कल्याण पदाधिकारी सुश्री प्रियंका कुमारी, संकल्प हब के जिला मिशन समन्वयक प्रशांत कुमार, विकासार्थ ट्रस्ट की सचिव श्रीमती सुनीता कुमारी, लैंगिक विशेषज्ञ किस्मत कुमारी तथा महाविद्यालय की शिक्षिकाओं कावेरी सिंह, उषा कुमारी एवं रानी कुमारी द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलन कर किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए प्रखंड कल्याण पदाधिकारी सुश्री प्रियंका कुमारी ने कहा कि “बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति को समाप्त करने के लिए केवल सरकार नहीं, बल्कि समाज के हर वर्ग की सक्रिय भागीदारी जरूरी है।” उन्होंने छात्राओं से शिक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने, आत्मनिर्भर बनने और बाल विवाह के विरुद्ध मुखर होकर आवाज उठाने का आह्वान किया।
संकल्प हब के जिला मिशन समन्वयक प्रशांत कुमार ने कहा कि बाल विवाह बालिकाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ है। इससे न केवल उनकी शिक्षा बाधित होती है, बल्कि कम उम्र में मातृत्व के कारण गंभीर स्वास्थ्य जोखिम भी उत्पन्न होते हैं। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि “बाल विवाह विकास में बाधा और जीवन की बर्बादी है, जिसे किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जा सकता।”
विकासार्थ ट्रस्ट की सचिव सुनीता कुमारी ने संस्था के सामाजिक उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए बताया कि ट्रस्ट शिक्षा, स्वास्थ्य और महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में निरंतर कार्य कर रहा है। उन्होंने छात्राओं को कम से कम स्नातक स्तर तक शिक्षा ग्रहण करने की सलाह दी और मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना की जानकारी देते हुए बताया कि बेटी के जन्म से लेकर स्नातक तक लगभग 94 हजार रुपये की सहायता सरकार द्वारा प्रदान की जाती है। साथ ही स्वच्छता प्रबंधन किट्स के महत्व पर भी चर्चा की गई।
कार्यक्रम में छात्राएं पुष्पा रानी, चांदनी कुमारी, अन्नू कुमारी, सबनम कुमारी सहित बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं। अंत में बाल विवाह रोकथाम को लेकर सभी को सामूहिक शपथ दिलाई गई तथा छात्राओं ने मानव श्रृंखला बनाकर जागरूकता का संदेश दिया।
कार्यक्रम का समापन शिक्षिका कावेरी सिंह के धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *