:
Breaking News

70 घंटे बाद टूटा रेल जाम, टेलवा हादसे के बाद डाउन लाइन पर लौटी रफ्तार

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

जमुई के झाझा–जसीडीह रेलखंड पर टेलवा स्टेशन के समीप बरुआ नदी पुल पर सीमेंट से लदी मालगाड़ी के पटरी से उतर जाने के बाद ठप हुआ रेल यातायात अब धीरे-धीरे सामान्य होने लगा है। करीब 70 घंटे तक चले रेस्क्यू और ट्रैक क्लियरिंग ऑपरेशन के बाद रेलवे ने डाउन लाइन को बहाल कर दिया है।
डाउन लाइन पर परिचालन शुरू होते ही यात्रियों को बड़ी राहत मिली। डाउन दिशा से पहली ट्रेन मौर्य एक्सप्रेस (15028) रात 9:22 बजे जमुई स्टेशन पहुंची। ट्रेन के आगमन के साथ ही स्टेशन परिसर में यात्रियों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। कई यात्री पिछले कई घंटों से ट्रेन का इंतजार कर रहे थे, जबकि अनेक यात्रियों को रेल सेवा बाधित रहने के कारण अपनी यात्रा रद्द करनी पड़ी थी।

परिचालन शुरू होते ही लौटी यात्रियों के चेहरे पर मुस्कान

डाउन लाइन पर ट्रेन संचालन की सूचना मिलते ही स्टेशन पर मौजूद यात्रियों के चेहरे खिल उठे। स्टेशन मास्टर ने बताया कि मौर्य एक्सप्रेस के बाद डाउन दिशा से टाटानगर एक्सप्रेस (28182) भी अपने निर्धारित समय पर पहुंचेगी।

अप लाइन पर बुधवार सुबह से दौड़ेंगी ट्रेनें

रेलवे अधिकारियों के अनुसार फिलहाल केवल डाउन लाइन को ही पूरी तरह क्लियर किया गया है। अप दिशा में ट्रेनों का परिचालन बुधवार सुबह से बहाल किया जाएगा। ट्रैक और पुल की सुरक्षा जांच पूरी करने के बाद ही अप लाइन को चालू करने का निर्णय लिया गया है।

कैसे हुआ था हादसा

गौरतलब है कि शनिवार देर रात करीब 11:44 बजे जसीडीह–झाझा रेलखंड के टेलवा हाल्ट के पास बरुआ नदी पुल पर सीमेंट लदी मालगाड़ी दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी। इस हादसे के बाद अप और डाउन दोनों लाइनों पर ट्रेनों का परिचालन पूरी तरह बंद कर दिया गया था।

यात्रियों ने ली राहत की सांस

रेल सेवा बाधित रहने से हजारों यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा था। कई ट्रेनें रद्द करनी पड़ीं, तो कई का मार्ग परिवर्तित किया गया। अब डाउन लाइन शुरू होने के बाद यात्रियों ने राहत की सांस ली है।इस संबंध में स्टेशन अधीक्षक नीतीश कुमार ने बताया कि डाउन लाइन पर परिचालन सामान्य कर दिया गया है और अप लाइन को भी जल्द पूरी तरह बहाल कर लिया जाएगा।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *