:
Breaking News

फर्जी वर्दी का पर्दाफाश: पटना जंक्शन में 22 लाख की लूट करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, 19 लाख बरामद

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

पटना।राजधानी पटना से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां पुलिस की वर्दी का सहारा लेकर 22 लाख रुपये की बड़ी लूट को अंजाम देने वाले दो शातिरों को पटना पुलिस ने दबोच लिया है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से अब तक 19 लाख रुपये नकद बरामद किए जा चुके हैं, जबकि शेष राशि की तलाश जारी है।
घटना पटना जंक्शन थाना क्षेत्र की है, जहां 29 और 30 दिसंबर की मध्यरात्रि के दौरान अपराधियों ने खुद को पुलिसकर्मी बताकर वारदात को अंजाम दिया। पीड़ित के मुताबिक, दो युवक खाकी जैकेट पहनकर उसके पास पहुंचे और पुलिस होने का दावा किया। वर्दी जैसी पहचान देखकर पीड़ित को कोई संदेह नहीं हुआ।
इसके बाद दोनों आरोपी उसे एक कमरे में ले गए, जहां डराने-धमकाने के बाद उससे 22 लाख रुपये छीन लिए और फरार हो गए। वारदात के बाद पीड़ित ने पटना जंक्शन थाना में शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई शुरू की।
थानाध्यक्ष राजीव कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज का सहारा लिया। जांच के क्रम में एक आरोपी की पहचान खुसरूपुर निवासी के रूप में हुई। पूछताछ में उसने अपने एक अन्य साथी का नाम उजागर किया, जो जंक्शन क्षेत्र के आसपास ही रहता था।
जांच में यह भी खुलासा हुआ कि आरोपियों ने अपने मोबाइल फोन में संपर्क नंबर को “जीआरपी” के नाम से सेव कर रखा था, ताकि आम लोग उन्हें पुलिसकर्मी समझें और शक न करें। पुलिस ने लोकेशन ट्रैकिंग के आधार पर दोनों आरोपियों को धर दबोचा।
तलाशी के दौरान एक आरोपी के घर से 9 लाख रुपये और दूसरे आरोपी के पास से 8.30 लाख रुपये बरामद किए गए। इस तरह कुल 19 लाख रुपये की रिकवरी की जा चुकी है। पुलिस का कहना है कि बाकी बचे 3 लाख रुपये या तो आरोपियों ने कहीं छिपा दिए हैं या नष्ट कर दिए गए हैं, जिसकी गहन जांच जारी है।
फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि इस लूटकांड में कोई और भी शामिल था या नहीं। वहीं, पटना पुलिस ने आम नागरिकों से सतर्क रहने की अपील करते हुए कहा है कि बिना पुख्ता पहचान के किसी पर भरोसा न करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *