:
Breaking News

भू-माफिया पर कार्रवाई की आंच राजनीति तक पहुँची, लालू की जमीनों की जांच की उठी मांग

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

पटना।बिहार में जमीन से जुड़े मामलों पर सख्त रुख अपनाए सरकार की कार्रवाई अब राजनीतिक बहस का रूप लेने लगी है। सत्ताधारी दल जेडीयू ने सरकार से सवाल उठाया है कि जब भू-माफिया और जमीन के दलालों पर शिकंजा कसा जा रहा है, तो क्या आरजेडी अध्यक्ष लालू प्रसाद से जुड़ी जमीनों की भी जांच होगी।
जेडीयू के प्रवक्ता नीरज कुमार ने यह मांग सीधे उपमुख्यमंत्री सह राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री विजय कुमार सिन्हा के सामने रखी है। इस मांग के बाद विजय सिन्हा की प्रतिक्रिया भी सामने आई है, जिससे साफ संकेत मिलता है कि सरकार जमीन के मामलों में किसी तरह का अपवाद नहीं चाहती।
राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग की जिम्मेदारी संभालने के बाद विजय कुमार सिन्हा लगातार आक्रामक कार्रवाई कर रहे हैं। भू-माफिया, जमीन के दलालों और उनसे सांठगांठ रखने वाले अधिकारियों के खिलाफ अभियान तेज किया गया है। विभाग में चल रही इस सख्ती से न केवल माफिया बल्कि कई अधिकारी भी दबाव में हैं।
विजय सिन्हा हर सप्ताह जनसंवाद कार्यक्रम के माध्यम से आम लोगों की जमीन से जुड़ी शिकायतें सुन रहे हैं और कई मामलों में मौके पर ही समाधान किया जा रहा है। इस दौरान लापरवाही और अनियमितता बरतने वाले अधिकारियों पर भी कार्रवाई की जा रही है, जिससे विभाग में हड़कंप की स्थिति है।
बताया जा रहा है कि विभागीय सख्ती से परेशान कुछ अधिकारियों ने मुख्यमंत्री से लेकर राज्यपाल तक को पत्र लिखकर हस्तक्षेप की मांग की है। हालांकि विजय सिन्हा का कहना है कि वह किसी दबाव में आने वाले नहीं हैं और अभियान पूरी मजबूती से जारी रहेगा।
इसी क्रम में जेडीयू प्रवक्ता नीरज कुमार ने आरजेडी प्रमुख लालू प्रसाद से जुड़ी जमीनों की जांच कराने की मांग रख दी। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि बिहार में जमीन माफिया के खिलाफ कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी। यदि इस संबंध में जनसंवाद के माध्यम से कोई आवेदन प्राप्त होता है, तो विभाग और सरकार उस पर नियमानुसार विचार करेगी।
इस बयान के साथ ही साफ हो गया है कि बिहार की सियासत में जमीन और भू-माफिया का मुद्दा आने वाले दिनों में और गरमाने वाला है।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *