:
Breaking News

बिहार में कामकाजी महिलाओं के लिए सुरक्षित छात्रावास शुरू, आवेदन जल्द होंगे शुरू

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

पटना।राज्य सरकार ने कामकाजी महिलाओं के लिए विशेष छात्रावास संचालित करने का निर्णय लिया है। मुख्यमंत्री नारी सुरक्षा योजना के तहत यह पहल महिलाओं को सुरक्षित और सुलभ आवास उपलब्ध कराने के उद्देश्य से की जा रही है। इस योजना के अंतर्गत पटना, गया, मुजफ्फरपुर, दरभंगा और भागलपुर में छात्रावास बनाए जाएंगे।
इन छात्रावासों का लाभ उन महिलाओं को मिलेगा, जो दूसरे जिलों या राज्यों से आकर बिहार में सरकारी और गैर-सरकारी सेवाओं में कार्यरत हैं। छात्रावास में रहने वाली महिला की मासिक आय अधिकतम 75,000 रुपये होनी चाहिए और प्रत्येक छात्रावास की छमता 50 बेड होगी।
छात्रावास का संचालन महिला विकास निगम द्वारा किया जाएगा और इसे ‘अपना घर’ जैसी सुविधाजनक व्यवस्था के तहत तैयार किया गया है। इसमें महिलाओं को बेड, टेबल, कुर्सी, 24 घंटे बिजली, शुद्ध पेयजल के लिए RO, मनोरंजन हेतु टीवी और मुफ्त Wi-Fi जैसी सुविधाएँ उपलब्ध कराई जाएंगी। किराया नहीं लगेगा, केवल भोजन के लिए 3,000 रुपये प्रति माह खर्च करना होगा।
इच्छुक महिलाएं जनवरी से महिला एवं बाल विकास निगम के अधिकारिक पोर्टल पर आवेदन कर सकेंगी। आवास चयन पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर किया जाएगा। इसके बाद काउंसलिंग प्रक्रिया के जरिए अंतिम चयन होगा। आवेदन के लिए आवश्यक दस्तावेजों में नियुक्ति पत्र, पे-स्लिप, पहचान पत्र, स्थानीय अभिभावक का विवरण और दिव्यांगता प्रमाणपत्र (यदि लागू हो) शामिल होंगे।
प्रशासनिक तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। छात्रावास में अधीक्षक, सहायक अधीक्षक, रसोइया और अन्य आवश्यक कर्मचारी की नियुक्ति की जा चुकी है। सभी संसाधनों की व्यवस्था के साथ अगले माह से छात्रावास का संचालन शुरू हो जाएगा।
समाज कल्याण विभाग की सचिव बंदना प्रेयषी ने बताया कि पटना में गोला रोड पर छात्रावास खोला जाएगा। उनका कहना है कि यह पहल महिलाओं की सुरक्षा, आत्मनिर्भरता और नौकरी करने की क्षमता को मजबूत करने में मदद करेगी।
सरकार का मानना है कि इस पहल से कामकाजी महिलाओं को बिना किसी भय के सुरक्षित माहौल में काम करने और अपने जीवन को स्वावलंबी बनाने का अवसर मिलेगा।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *