:
Breaking News

पटना में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, कुख्यात अपराधी मैनेजर राय एनकाउंटर में घायल

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

पटना में अपराध के खिलाफ पुलिस ने एक बार फिर सख्त संदेश दिया है। दानापुर अनुमंडल के खगौल थाना क्षेत्र में देर रात पुलिस और कुख्यात अपराधी के बीच हुई मुठभेड़ में कुख्यात बदमाश मैनेजर राय गोली लगने से घायल हो गया। इस कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
पुलिस को खुफिया इनपुट मिला था कि दीदारगंज का नामचीन अपराधी मैनेजर राय खगौल इलाके में मौजूद है और किसी बड़ी वारदात की फिराक में घूम रहा है। सूचना मिलते ही खगौल पुलिस ने तत्काल इलाके की घेराबंदी कर सर्च ऑपरेशन शुरू किया।
खुद को चारों ओर से घिरता देख मैनेजर राय ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की, जिसमें बदमाश के पैर में गोली लग गई। घायल अवस्था में उसे तुरंत पटना एम्स में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
बताया जा रहा है कि मैनेजर राय पर हत्या, रंगदारी, लूट और अवैध हथियार रखने जैसे एक दर्जन से अधिक गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। वह लंबे समय से पुलिस की वांछित सूची में शामिल था। पुलिस ने मौके से हथियार और संदिग्ध सामान भी बरामद किया है।
इस पूरे घटनाक्रम की पुष्टि करते हुए पटना एसएसपी कार्तिकेय कुमार शर्मा ने बताया कि अपराधी किसी बड़ी साजिश को अंजाम देने के लिए इलाके में सक्रिय था। समय रहते कार्रवाई कर उसे पकड़ लिया गया, जिससे एक बड़ी वारदात टल गई।
मैनेजर राय का नाम वर्ष 2022 में हुए डॉ. मो. अनावर आलम हत्याकांड में भी सामने आ चुका है। पुलिस काफी समय से उसकी तलाश में थी।
एनकाउंटर के दौरान कुछ देर के लिए इलाके में अफरा-तफरी का माहौल जरूर बना, लेकिन पुलिस की मुस्तैदी से स्थिति जल्द ही नियंत्रण में आ गई। अब पुलिस उसके आपराधिक नेटवर्क और संपर्कों की भी गहन जांच में जुट गई है।
इस कार्रवाई के बाद साफ संदेश है कि पटना में अपराध और अपराधियों के लिए अब कोई जगह नहीं है, कानून से टकराने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *