:
Breaking News

10 सर्कुलर रोड के बाद कहां जाएगा लालू परिवार? पटना में नए ठिकाने को लेकर सियासी हलचल तेज

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

बिहार की राजनीति में एक बार फिर लालू प्रसाद यादव के आवास को लेकर चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। भवन निर्माण विभाग की ओर से पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी को 10 सर्कुलर रोड स्थित सरकारी बंगला खाली करने का निर्देश मिलने के बाद सियासी गलियारों में यह सवाल गूंजने लगा है कि करीब दो दशक से इस पते से पहचाने जाने वाला लालू परिवार अब कहां रहेगा।
10 सर्कुलर रोड वह आवास है, जो लंबे समय तक लालू–राबड़ी परिवार की राजनीतिक पहचान का केंद्र रहा है। सत्ता में रहने के बाद भी वर्षों तक यह बंगला उनके पास रहा, लेकिन अब सरकारी आदेश के बाद इसे खाली करना तय माना जा रहा है। ऐसे में परिवार के नए ठिकाने को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
शुरुआत में माना जा रहा था कि लालू परिवार पटना के महुआ बाग इलाके में बन रहे अपने निजी आवास में शिफ्ट करेगा। यह मकान पहले से ही राजनीतिक बहस का विषय बना हुआ है और इस पर जदयू नेता नीरज कुमार कई बार सवाल उठा चुके हैं। लेकिन अब सियासी चर्चाओं में एक नया नाम सामने आ रहा है।
ताजा कयासों के मुताबिक लालू यादव का अगला ठिकाना पटना के कौटिल्य नगर में बन रहा एक नया मकान हो सकता है। बताया जा रहा है कि यह भवन लगभग तैयार है और इसमें गृह प्रवेश की तैयारियां भी चल रही हैं। ऐसे में 10 सर्कुलर रोड खाली होने के बाद परिवार के यहां शिफ्ट होने की संभावना जताई जा रही है।
सूत्रों की मानें तो कौटिल्य नगर में बन रहा यह मकान आधुनिक सुविधाओं से लैस है और सुरक्षा व्यवस्था के लिहाज से भी उपयुक्त माना जा रहा है। निर्माण कार्य अंतिम चरण में है और जल्द ही यहां रहने की पूरी व्यवस्था पूरी हो सकती है।फिलहाल आधिकारिक तौर पर लालू परिवार की ओर से नए ठिकाने को लेकर कोई बयान सामने नहीं आया है, लेकिन 10 सर्कुलर रोड खाली करने के आदेश के बाद यह तय माना जा रहा है कि लालू परिवार के राजनीतिक पते में जल्द बदलाव देखने को मिलेगा।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *