:
Breaking News

बिहार की महिलाओं को लेकर विवादित बयान, राजद ने BJP नेता पर जताई कड़ी आपत्ति

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

अल्मोड़ा/पटना, 2 जनवरी 2026: बिहार की महिलाओं को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाले उत्तराखंड की महिला सशक्तिकरण मंत्री रेखा आर्य के पति गिरधारी लाल साहू के बयान पर राजद ने कड़ा विरोध जताया है। पार्टी ने इसे महिलाओं की गरिमा और बिहार की अस्मिता का अपमान बताया और बीजेपी और संघी विचारधारा पर सवाल उठाए।
सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में साहू एक अविवाहित कार्यकर्ता से कहते नजर आए कि “लड़कियों की कोई कमी नहीं है” और “बिहार में 20–25 हजार रुपये में शादी के लिए लड़कियां मिल जाती हैं।” यह वीडियो 23 दिसंबर 2025 को अल्मोड़ा में स्याही देवी मंडल की बैठक का बताया जा रहा है।
राजद ने इस मुद्दे को लेकर सोशल मीडिया पर लिखा कि “भाजपाइयों और संघियों की बिहार की महिलाओं के बारे में यह घृणित सोच है। प्रधानमंत्री और गृहमंत्री की ओर से स्पष्टीकरण आना चाहिए।” पार्टी ने कहा कि इस बयान ने बीजेपी और उसके नेताओं की महिलाओं के प्रति सोच को उजागर कर दिया है।
गिरधारी लाल साहू का विवादों से पुराना नाता रहा है। उनका नाम 1990 के बरेली डबल मर्डर केस से जुड़ा और 2021 में भी उन पर गैरजमानती वारंट जारी हुए थे। इसके अलावा उन पर आरोप है कि उन्होंने धोखे से नौकर की किडनी निकालकर अपनी दूसरी पत्नी बैजयंतीमाला साहू को ट्रांसप्लांट करवाई थी।
कांग्रेस ने भी इस बयान को महिलाओं की गरिमा का खुलेआम अपमान करार देते हुए मंत्री रेखा आर्य और उनके पति से सार्वजनिक माफी की मांग की है। प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला ने कहा कि ऐसे बयान राजनीतिक और सामाजिक तौर पर स्वीकार्य नहीं हैं और मंत्री की नैतिक जिम्मेदारी बनती है कि वे स्थिति स्पष्ट करें।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *