:
Breaking News

लखीसराय में युवक की गोली मारकर हत्या, शरीर में दागी गईं कई गोलियां

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

लखीसराय।बिहार के लखीसराय जिले में एक सनसनीखेज हत्या की वारदात सामने आई है। दियारा क्षेत्र के मोहनपुर गांव में एक युवक को घर से बुलाकर ले जाने के बाद गोली मारकर हत्या कर दी गई। देर शाम उसका शव खेत में पड़ा मिला, जिससे इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है।
घर से निकला, फिर वापस नहीं लौटा
मृतक की पहचान पीयूष कुमार के रूप में हुई है, जो राजेश कुमार का इकलौता बेटा था। परिजनों के अनुसार, पीयूष को परिवार के ही एक रिश्तेदार राहुल कुमार अपने कुछ साथियों के साथ चारा काटने के बहाने घर से बुलाकर ले गया था। इसके बाद पीयूष देर शाम तक घर नहीं लौटा, जिससे परिवार चिंतित हो गया।

खोजबीन के दौरान खेत से बरामद हुआ शव

पीयूष के घर न लौटने पर परिजनों ने पिपरिया थाना को सूचना दी। पुलिस के साथ मिलकर परिजनों ने दियारा क्षेत्र में तलाश शुरू की। इसी दौरान कोलवा कारू स्थान के पास, खेत के समीप पीयूष का शव बरामद हुआ। शव पर सिर सहित शरीर के कई हिस्सों में गोली लगने के निशान पाए गए हैं।

परिजनों ने रिश्तेदार पर लगाया हत्या का आरोप

परिजनों का आरोप है कि राहुल कुमार और उसके साथियों ने मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया है। मृतक के चाचा ब्रजेश कुमार ने बताया कि पीयूष के पिता की मृत्यु पहले ही हो चुकी थी और पीयूष ही परिवार की जिम्मेदारी संभाल रहा था। परिवार ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है।
जमीन विवाद की आशंका

पिपरिया थानाध्यक्ष उज्ज्वल कुमार ने बताया कि युवक के शरीर पर कई जख्म और गोली के निशान मिले हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। प्रारंभिक जांच में जमीन विवाद की आशंका जताई जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद हत्या के कारणों की पुष्टि हो सकेगी।

पुलिस जांच में जुटी

फिलहाल परिजनों के आवेदन के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और पुलिस सभी पहलुओं से जांच में जुटी हुई है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *