:
Breaking News

अब इलाज के लिए नहीं भटकेंगे बुजुर्ग: नीतीश सरकार की बड़ी पहल, घर बैठे मिलेगी स्वास्थ्य सुविधा

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

पटना।बिहार के बुजुर्गों के लिए नीतीश कुमार सरकार ने एक अहम और संवेदनशील कदम उठाया है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शनिवार को घोषणा की कि अब राज्य के वरिष्ठ नागरिकों को जरूरत पड़ने पर घर बैठे ही स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इस योजना को सरकार की महत्वाकांक्षी ‘सात निश्चय-3’ पहल के तहत प्राथमिकता के आधार पर लागू किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिया है कि योजना के क्रियान्वयन में किसी तरह की ढिलाई न हो। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा कि 4 नवंबर 2005 से उनकी सरकार “न्याय के साथ विकास” के सिद्धांत पर काम कर रही है और समाज के हर वर्ग के सम्मान व उत्थान को सरकार ने अपनी जिम्मेदारी माना है।
नीतीश कुमार ने कहा कि बिहार सरकार पूरे राज्य को अपना परिवार मानती है और अब यह सुनिश्चित करने की दिशा में गंभीरता से काम हो रहा है कि हर नागरिक, खासकर बुजुर्ग, सम्मान और सुविधा के साथ जीवन जी सकें।
बुजुर्गों को घर पर मिलेंगी ये सुविधाएं
सात निश्चय-3 के तहत शुरू की जा रही इस योजना में वरिष्ठ नागरिकों को उनके घर पर ही कई जरूरी चिकित्सकीय सेवाएं मिलेंगी, जिनमें शामिल हैं—
नर्सिंग सहायता
घर पर पैथोलॉजी जांच
ब्लड प्रेशर और ईसीजी जांच
फिजियोथेरेपी
आपात स्थिति में जरूरी चिकित्सकीय मदद
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि इन सेवाओं को जमीनी स्तर पर जल्द से जल्द उपलब्ध कराने के लिए स्वास्थ्य विभाग को तेज़ी से काम करने के निर्देश दिए गए हैं।
जनता से भी मांगे सुझाव
नीतीश कुमार ने आम लोगों से भी इस योजना को बेहतर बनाने में भागीदारी की अपील की है। उन्होंने कहा कि यदि वरिष्ठ नागरिकों के जीवन को आसान बनाने के लिए कोई और सुझाव हों, तो लोग अपने विचार ईमेल cm-secretariat-bih@gov.in पर या डाक के माध्यम से भेज सकते हैं।
गौरतलब है कि बिहार कैबिनेट ने हाल ही में वर्ष 2025 से 2030 तक के लिए सात निश्चय-3 को मंजूरी दी है, जिसका लक्ष्य बिहार को देश के विकसित राज्यों की श्रेणी में शामिल करना है। इससे पहले भी राज्य सरकार दो चरणों में सात निश्चय कार्यक्रम लागू कर चुकी है।
यह पहल न सिर्फ बुजुर्गों के लिए राहत लेकर आएगी, बल्कि राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था को मानवीय और सुलभ बनाने की दिशा में एक मजबूत कदम मानी जा रही है।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *