:
Breaking News

अशोक धाम में श्री मोरारी बापू की श्रीराम कथा का भव्य शुभारंभ, श्रद्धा और भक्ति से गूंज उठा परिसर

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

लखीसराय।लखीसराय जिले के प्रसिद्ध धार्मिक एवं ऐतिहासिक स्थल अशोक धाम मंदिर में शुक्रवार को सुप्रसिद्ध कथावाचक श्री मोरारी बापू की श्रीराम कथा का भव्य शुभारंभ श्रद्धा, भक्ति और उल्लासपूर्ण वातावरण में हुआ। कथा के प्रथम दिन ही दूर-दराज से पहुंचे हजारों श्रद्धालुओं की उपस्थिति ने आयोजन की भव्यता को स्पष्ट कर दिया।
श्रीराम कथा के शुभारंभ अवसर पर संपूर्ण मंदिर परिसर जय श्रीराम के उद्घोष से भक्तिमय हो उठा। कार्यक्रम की विधिवत शुरुआत माननीय उपमुख्यमंत्री श्री विजय कुमार सिन्हा, जिला पदाधिकारी श्री मिथिलेश मिश्र, पुलिस अधीक्षक श्री अजय कुमार सहित अन्य अतिथियों द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलन कर की गई।
इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री श्री विजय कुमार सिन्हा ने अपने संबोधन में कहा कि श्रीराम कथा भारतीय संस्कृति, मर्यादा और जीवन मूल्यों की जीवंत धरोहर है। भगवान श्रीराम का जीवन सत्य, कर्तव्य और आदर्शों का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि श्री मोरारी बापू जैसे संतों के श्रीमुख से रामकथा का श्रवण करना सौभाग्य की बात है और ऐसे आयोजन समाज में सकारात्मक सोच व नैतिक चेतना को सुदृढ़ करते हैं। साथ ही उन्होंने आयोजन समिति को सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं।
जिला पदाधिकारी श्री मिथिलेश मिश्र ने कहा कि अशोक धाम मंदिर लखीसराय ही नहीं, बल्कि पूरे बिहार में आस्था का प्रमुख केंद्र है। श्रीराम कथा जैसे आयोजनों से जिले की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान को नई मजबूती मिलती है। उन्होंने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।
इस अवसर पर श्री रवि राज पटेल ने भी श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए कहा कि रामकथा मानव जीवन को सदाचार, करुणा और सेवा भाव से जोड़ने का सशक्त माध्यम है।
उल्लेखनीय है कि श्री मोरारी बापू की श्रीराम कथा का आयोजन 03 जनवरी से 11 जनवरी 2026 तक किया जाएगा। कथा के दौरान उनकी ओजस्वी वाणी और भावपूर्ण प्रस्तुति ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। सरल और प्रेरक शब्दों में भगवान श्रीराम के जीवन दर्शन, सामाजिक समरसता और नैतिक मूल्यों का संदेश प्रस्तुत किया गया।
जिला प्रशासन ने जानकारी दी है कि कथा आयोजन अवधि के दौरान विधि-व्यवस्था, यातायात, स्वास्थ्य, पेयजल एवं स्वच्छता की समुचित व्यवस्था की गई है, ताकि श्रद्धालु शांतिपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में रामकथा का श्रवण कर सकें।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *