:
Breaking News

बड़हिया में जनसमस्याओं पर मंथन: उपमुख्यमंत्री ने वार्ड पार्षदों से की सीधी बातचीत, अतिक्रमण व जल निकाय संरक्षण पर सख्त निर्देश

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

लखीसराय।लखीसराय जिले के नगर परिषद बड़हिया में शुक्रवार को जनहित से जुड़े मुद्दों को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें माननीय उपमुख्यमंत्री श्री विजय कुमार सिन्हा एवं जिला पदाधिकारी श्री मिथिलेश मिश्र ने नगर परिषद के सभी 26 वार्ड पार्षदों से सीधा संवाद किया। बैठक में क्षेत्र की जमीनी समस्याओं, विकासात्मक आवश्यकताओं और नागरिक सुविधाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
वार्ड पार्षदों ने नगर परिषद क्षेत्र में अतिक्रमण और जल निकायों पर कब्जे को सबसे बड़ी समस्या के रूप में सामने रखा। पार्षदों ने बताया कि सड़कों और सार्वजनिक स्थलों पर अतिक्रमण के कारण आम लोगों को आवागमन में भारी परेशानी हो रही है, वहीं तालाबों एवं अन्य जल स्रोतों पर अतिक्रमण से जल संरक्षण, पर्यावरण संतुलन और स्थानीय जनजीवन प्रभावित हो रहा है।
समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए उपमुख्यमंत्री श्री विजय कुमार सिन्हा ने जिला प्रशासन को स्पष्ट निर्देश दिया कि अतिक्रमण हटाने और जल निकायों के संरक्षण के लिए नियमानुसार, प्रभावी और समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि जनसुविधाओं से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और आम जनता के हित सर्वोपरि हैं।
जिला पदाधिकारी श्री मिथिलेश मिश्र ने भी आश्वस्त किया कि प्रशासन शीघ्र ही ठोस कदम उठाएगा और समस्याओं के स्थायी समाधान के लिए संबंधित विभागों को सक्रिय किया जाएगा।
बैठक के बाद उपमुख्यमंत्री श्री विजय कुमार सिन्हा द्वारा नगर परिषद बड़हिया क्षेत्र के गरीब, असहाय एवं जरूरतमंद लोगों के बीच कंबल वितरण किया गया। शीतलहर को ध्यान में रखते हुए आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जरूरतमंदों को कंबल प्रदान किए गए, जिससे लोगों ने राहत की सांस ली।
इस अवसर पर जिला पदाधिकारी श्री मिथिलेश मिश्र, कार्यपालक पदाधिकारी नगर परिषद बड़हिया श्री रवि कुमार, नगर परिषद के जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी एवं स्थानीय नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *