:
Breaking News

IRCTC केस में लालू यादव की बड़ी कानूनी पहल, दिल्ली हाईकोर्ट पहुंचे

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव ने IRCTC से जुड़े कथित घोटाले में निचली अदालत द्वारा तय किए गए आरोपों को लेकर अब उच्च न्यायालय का दरवाजा खटखटाया है। लालू यादव ने दिल्ली हाईकोर्ट में याचिका दाखिल कर भ्रष्टाचार और आपराधिक साजिश से संबंधित आरोपों को चुनौती दी है। इस याचिका पर सुनवाई सोमवार, 5 जनवरी को न्यायमूर्ति स्वर्ण कांत शर्मा की पीठ के समक्ष होगी।
गौरतलब है कि अक्टूबर 2025 में राउज़ एवेन्यू कोर्ट ने IRCTC होटल निविदा मामले में लालू प्रसाद यादव के खिलाफ औपचारिक रूप से आरोप तय किए थे। इस मामले में उनकी पत्नी और बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी तथा बेटे तेजस्वी यादव, जो वर्तमान में विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष हैं, को भी आरोपी बनाया गया है। दोनों पर धोखाधड़ी और आपराधिक साजिश में शामिल होने के आरोप हैं।
विशेष सीबीआई अदालत के न्यायाधीश विशाल गोगने ने आरोप तय करते समय टिप्पणी की थी कि रेल मंत्री रहते हुए लालू यादव ने कथित तौर पर अपने पद का दुरुपयोग किया। अदालत के अनुसार, IRCTC से जुड़ी भूमि और होटल निविदा प्रक्रिया में पात्रता शर्तों में बदलाव कर पसंदीदा कंपनियों को लाभ पहुंचाया गया।
अदालत ने यह भी माना कि पूरी कथित साजिश की जानकारी लालू यादव को थी और उन्होंने निर्णय प्रक्रिया में सक्रिय भूमिका निभाई, जिससे सरकारी खजाने को नुकसान पहुंचा।
यह मामला वर्ष 2017 में केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) द्वारा दर्ज की गई एफआईआर से जुड़ा है। सीबीआई का आरोप है कि 2004 से 2009 के बीच, जब लालू यादव रेल मंत्री थे, उस दौरान पटना और पुरी स्थित IRCTC होटलों के टेंडर कथित रूप से रिश्वत के बदले चुनिंदा लोगों को दिए गए। बदले में जमीन और शेयर जैसे लाभ प्राप्त किए गए।
जांच पूरी होने के बाद सीबीआई ने लालू प्रसाद यादव सहित 11 अन्य आरोपियों के खिलाफ आरोपपत्र दाखिल किया था। अब इस पूरे मामले में दिल्ली हाईकोर्ट का रुख यह तय करेगा कि निचली अदालत के आदेश पर आगे क्या कानूनी दिशा तय होती है।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *