:
Breaking News

फर्जी सिम के सहारे साइबर ठगी, पूर्णिया पुलिस ने दो भाइयों को दबोचा

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

पूर्णिया में साइबर अपराध के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। साइबर सेल और जिला आसूचना इकाई की संयुक्त कार्रवाई में फर्जी तरीके से सिम कार्ड एक्टिवेट कर साइबर ठगी को अंजाम देने वाले एक शातिर गिरोह का भंडाफोड़ किया गया है। इस मामले में दो पीओएस एजेंटों को गिरफ्तार किया गया है, जो आपस में सगे भाई हैं।
मामले की शुरुआत तब हुई, जब स्थानीय न्यायालय में कार्यरत राहुल कुमार ने साइबर थाना पूर्णिया में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि एक अज्ञात कॉलर ने झांसे में लेकर उनके बैंक खाते से 20 हजार रुपये निकाल लिए। शिकायत मिलते ही पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर साइबर डीएसपी चंदन कुमार ठाकुर के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई और तकनीकी जांच शुरू की गई।
तकनीकी अनुसंधान में सामने आया कि ठगी में जिस सिम कार्ड का इस्तेमाल किया गया, उसका लिंक अररिया जिले से जुड़ा है। जब पुलिस उस सिम के नाम पर दर्ज धारक चंद्रपाल मुखिया तक पहुंची, तो असल कहानी सामने आई। पूछताछ में पता चला कि चंद्रपाल खुद भी ठगी का शिकार था। बनमनखी थाना क्षेत्र के रसाढ़ गांव के रहने वाले दो भाई—संतोष कुमार और रितेश कुमार—ने सिम पोर्ट कराने का झांसा देकर उसके दस्तावेज हासिल किए और उन्हीं कागजातों से एक अतिरिक्त सिम कार्ड निकलवा लिया।
यही फर्जी सिम बाद में साइबर ठगी के लिए इस्तेमाल की गई।
रसाढ़ गांव से गिरफ्तारी
शनिवार को पुलिस टीम ने रसाढ़ गांव में छापेमारी कर दोनों भाइयों को दबोच लिया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने कबूल किया कि वे भोले-भाले लोगों के दस्तावेजों का दुरुपयोग कर अवैध रूप से सिम कार्ड एक्टिवेट करते थे और उन्हें साइबर अपराधियों को उपलब्ध कराते थे।
साइबर डीएसपी चंदन कुमार ठाकुर ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों से अहम तकनीकी साक्ष्य बरामद किए गए हैं। गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा रही है, जबकि ठगी की रकम की बरामदगी के लिए लगातार छापेमारी जारी है।
इस कार्रवाई में पुनि राजेश कुमार गुप्ता, रविशंकर कुमार, पुअनि मनीष चंद्र यादव, ऋषि यादव और तकनीकी शाखा के सिपाही आनंद कुमार सिंह सहित कई पुलिसकर्मियों की अहम भूमिका रही। पुलिस का कहना है कि साइबर ठगी और फर्जी सिम कारोबार के खिलाफ आगे भी अभियान और तेज किया जाएगा।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *