:
Breaking News

किशनगंज को रेल नेटवर्क की नई पहचान, दोहरीकरण परियोजनाओं के साथ न्यू रेलवे स्टेशन की तैयारी

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

किशनगंज।बिहार के सीमावर्ती जिला किशनगंज को रेल मानचित्र पर और मजबूत करने की दिशा में अहम कदम बढ़ाए जा रहे हैं। जिलाधिकारी विशाल राज की अध्यक्षता में आयोजित उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में ठाकुरगंज–सिलीगुड़ी रेल लाइन के दोहरीकरण तथा कुमेदपुर–अलुवाबाड़ी रेल लाइन परियोजना की प्रगति पर विस्तार से मंथन किया गया।
बैठक के दौरान अधिकारियों के समक्ष न्यू किशनगंज रेलवे स्टेशन की स्थापना का प्रस्ताव रखा गया। प्रस्तावित स्टेशन पर यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आधुनिक रेल शेड निर्माण योजना पर भी विचार किया गया, जिससे भविष्य में बढ़ने वाली यात्री संख्या को बेहतर ढंग से संभाला जा सके।
एनएफ रेलवे के डिप्टी चीफ इंजीनियर जितेन्द्र कुमार सहित संबंधित कार्यदायी एजेंसियों के अधिकारियों ने परियोजनाओं की वर्तमान स्थिति, तकनीकी चुनौतियों और आगे की कार्ययोजना की विस्तृत जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि दोनों रेल लाइनों के दोहरीकरण से ट्रेनों की आवाजाही में तेजी आएगी और यात्री सेवाओं के साथ-साथ माल ढुलाई की क्षमता में भी उल्लेखनीय इजाफा होगा।
न्यू किशनगंज रेलवे स्टेशन के निर्माण से यात्रियों को अधिक प्लेटफॉर्म, बेहतर प्रतीक्षालय और विस्तारित सुविधाएं उपलब्ध होंगी। हालांकि, अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि फिलहाल स्टेशन क्षेत्र में किसी फ्लाईओवर निर्माण का कोई प्रस्ताव शामिल नहीं है।
बैठक में जिलाधिकारी विशाल राज ने भविष्य की रणनीति की ओर इशारा करते हुए कहा कि आने वाले समय में ठाकुरगंज को अररिया से जोड़कर एक महत्वपूर्ण रेलवे जंक्शन के रूप में विकसित किया जाएगा। इससे जिले में मल्टी-कनेक्टिविटी मजबूत होगी और व्यापार, उद्योग तथा स्थानीय अर्थव्यवस्था को नई गति मिलेगी।
इसके अलावा, बैठक में भू-अर्जन की अद्यतन स्थिति, प्रक्रियाओं में आ रही बाधाओं और विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय पर भी गहन चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को निर्देश दिया कि परियोजनाओं का क्रियान्वयन तय समयसीमा के भीतर, पारदर्शी और प्रभावी ढंग से सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में जिला भू-अर्जन पदाधिकारी, पथ निर्माण एवं भवन निर्माण विभाग के सहायक अभियंता, क्षेत्रीय अंचलाधिकारी सहित रेलवे विभाग के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *