:
Breaking News

पटना में जमीन माफिया नेटवर्क पर पुलिस का प्रहार, हथियार के बल पर कब्जा कराने वाला गिरोह बेनकाब

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

पटना।राजधानी पटना में जमीन माफियाओं का दुस्साहस लगातार बढ़ता जा रहा था, लेकिन अब पुलिस ने ऐसे आपराधिक नेटवर्क के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई शुरू कर दी है। गौरीचक थाना क्षेत्र में हथियार के दम पर जमीन पर अवैध कब्जा कराने वाले एक संगठित गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश करते हुए 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई से इलाके में सक्रिय जमीन माफियाओं में हड़कंप मच गया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, यह गिरोह लंबे समय से इलाके में सक्रिय था और खाली पड़ी जमीनों या विवादित भूखंडों को चिन्हित कर हथियार के बल पर कब्जा कराता था। जमीन मालिकों और स्थानीय लोगों को डराने-धमकाने, जान से मारने की धमकी देने और फायरिंग की आशंका दिखाकर यह गिरोह अपने मंसूबों को अंजाम देता था। विरोध करने वालों को झूठे मुकदमों में फंसाने या गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी जाती थी।
गौरीचक पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि इलाके में जमीन कब्जा कराने की तैयारी चल रही है और कुछ अपराधी हथियारों के साथ मौजूद हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने रणनीति बनाकर छापेमारी अभियान चलाया। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर पूरे इलाके को घेर लिया और एक-एक कर सभी आरोपियों को दबोच लिया।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से अवैध हथियार, कारतूस और 11 लीटर विदेशी शराब बरामद की है। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि शराब और हथियार का इस्तेमाल माफिया नेटवर्क अपने सदस्यों को संगठित रखने और डर का माहौल बनाए रखने के लिए करता था।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि गिरफ्तार आरोपी सिर्फ छोटे मोहरे नहीं हैं, बल्कि जमीन माफिया के संगठित ढांचे का हिस्सा हैं। पूछताछ के दौरान कई अहम सुराग हाथ लगे हैं, जिनके आधार पर गिरोह के सरगना और इससे जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इस नेटवर्क के तार किन-किन इलाकों और प्रभावशाली लोगों से जुड़े हैं।
सभी आरोपियों के अपराधिक रिकॉर्ड को खंगाला जा रहा है और जमीन से जुड़े पुराने विवादों में इनकी भूमिका की भी जांच की जा रही है। मामले में संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट संदेश दिया है कि पटना में जमीन माफियाओं की मनमानी अब नहीं चलेगी। अवैध कब्जा, हथियारों का प्रदर्शन और दहशत फैलाने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और कानून हाथ में लेने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *