:
Breaking News

चलती ट्रेन में फर्जी टीटीई की पोल खुली, यात्रियों से वसूली करते रंगेहाथ पकड़ा गया

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

समस्तीपुर, 04 जनवरी 2026।
समस्तीपुर मंडल में रेल प्रशासन की सतर्कता से चलती ट्रेन में अवैध रूप से टिकट जांच कर यात्रियों से रुपये वसूलने वाला एक फर्जी व्यक्ति पकड़ा गया। यह कार्रवाई यात्रियों की शिकायत पर त्वरित पहल करते हुए की गई।
मिली जानकारी के अनुसार, गाड़ी संख्या 17006 से बरौनी गए टिकट निरीक्षक को वापसी के दौरान यात्रियों ने शिकायत दी कि गाड़ी संख्या 12578 के सामान्य कोच में एक अज्ञात व्यक्ति खुद को टिकट चेकिंग स्टाफ बताकर यात्रियों के टिकट जांच रहा है और टिकट न होने पर उनसे पैसे की मांग कर रहा है।
शिकायत को गंभीरता से लेते हुए टिकट निरीक्षक यात्रियों के सहयोग से संबंधित कोच में पहुंचे, जहां उक्त व्यक्ति यात्रियों से टिकट मांगते हुए पाया गया। पूछताछ करने पर उसने अपना नाम हर्षवर्धन भारद्वाज उर्फ चुलबुल (उम्र लगभग 43 वर्ष), पिता स्वर्गीय रामाशीष सिंह, निवासी तेघड़ा, वार्ड संख्या-01, थाना तेघड़ा, जिला बेगूसराय बताया।
जब उससे टिकट जांच से संबंधित वैध पहचान पत्र एवं प्राधिकार मांगा गया तो वह कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। पूछताछ में उसने अनधिकृत रूप से टिकट जांच करने की बात स्वीकार कर ली। इसी दौरान ट्रेन समस्तीपुर रेलवे स्टेशन पहुंच गई, जहां रेलवे सुरक्षा बल (RPF) एवं RPF CIB की मदद से उक्त व्यक्ति को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए रेलवे पुलिस (GRP), समस्तीपुर के हवाले कर दिया गया।
रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यदि किसी भी ट्रेन या स्टेशन परिसर में कोई संदिग्ध व्यक्ति टिकट जांच करता या अवैध वसूली करता दिखाई दे, तो तुरंत ऑन-ड्यूटी रेल कर्मियों, RPF या GRP को सूचित करें, ताकि समय रहते सख्त कार्रवाई की जा सके।
रेलवे प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यात्रियों की सुरक्षा और उनके हितों की रक्षा के लिए वह पूरी तरह प्रतिबद्ध है और इस तरह की अवैध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *