:
Breaking News

विशेष अभियान में बड़ी सफलता, 2593 लीटर विदेशी शराब के साथ हथियार भी बरामद

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

सारण (गरखा)।
मद्यनिषेध एवं राज्य स्वापक नियंत्रण ब्यूरो, बिहार को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। बाहरी राज्य से बिहार में अवैध रूप से विदेशी शराब की बड़ी खेप लाए जाने की गुप्त सूचना पर विशेष अभियान दल ने त्वरित और सुनियोजित कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में शराब के साथ हथियार भी बरामद किए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ब्यूरो के विशेष अभियान दल को सूचना मिली थी कि बाहरी राज्य से विदेशी शराब विभिन्न वाहनों के माध्यम से बिहार में प्रवेश कर रही है। सूचना की पुष्टि के बाद गरखा थाना, जिला सारण के सहयोग से संयुक्त छापेमारी दल का गठन किया गया। इसके बाद दिनांक 04 जनवरी 2026 को कार्रवाई करते हुए एक 06 चक्का डीसीएम ट्रक, दो पिकअप वाहन एवं दो कारों को रोका गया।
तलाशी के दौरान सभी वाहनों से कुल लगभग 2593 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई, जिसे मौके पर ही जप्त कर लिया गया। इसके साथ ही अभियान के दौरान 02 देशी कट्टा, 02 पिस्टल तथा 01 मोबाइल फोन भी बरामद किए गए, जिससे शराब तस्करी के साथ आपराधिक नेटवर्क जुड़े होने की आशंका और गहरी हो गई है।
इस कार्रवाई में एक अभियुक्त को मौके से गिरफ्तार किया गया है, जबकि अन्य संलिप्त तस्करों की पहचान एवं गिरफ्तारी के लिए छापेमारी तेज कर दी गई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि शराब की यह खेप संगठित गिरोह द्वारा सुनियोजित तरीके से बिहार में खपाने के उद्देश्य से लाई जा रही थी।
मद्यनिषेध एवं राज्य स्वापक नियंत्रण ब्यूरो ने स्पष्ट किया है कि राज्य में पूर्ण शराबबंदी को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए ऐसे विशेष अभियान लगातार चलाए जाएंगे। अवैध शराब के परिवहन, भंडारण एवं बिक्री में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
ब्यूरो एवं पुलिस प्रशासन की इस संयुक्त कार्रवाई को शराब तस्करों के खिलाफ एक बड़ी कामयाबी माना जा रहा है, जिससे न केवल अवैध शराब नेटवर्क को झटका लगा है, बल्कि अपराधियों में भी हड़कंप मच गया है।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *