भागलपुर के जनसंवाद में गुनगुनाया गीत, बोले– नए दौर में मिलकर लिखेंगे नई कहानी
भागलपुर।बिहार के उपमुख्यमंत्री एवं राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के मंत्री विजय कुमार सिन्हा इन दिनों पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रहे हैं। विभागीय खामियों को दूर करने और आम जनता का भरोसा लौटाने के लिए वह लगातार जिलों का दौरा कर रहे हैं। इसी क्रम में भागलपुर में आयोजित जन संवाद कार्यक्रम के दौरान उनका एक अलग ही अंदाज देखने को मिला, जब उन्होंने लोगों को भरोसा दिलाने के लिए मंच से अचानक गीत की पंक्तियां गुनगुना दीं।
जनसंवाद में दिखा अनोखा अंदाज
भागलपुर के जन संवाद कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग अपनी जमीन से जुड़ी समस्याएं लेकर पहुंचे थे। राजस्व विभाग की कार्यशैली, लंबित मामलों और भ्रष्टाचार को लेकर कई शिकायतें सामने आईं। विजय सिन्हा ने न सिर्फ लोगों की बातें ध्यान से सुनीं, बल्कि कई मामलों में अधिकारियों को मौके पर ही समाधान के निर्देश दिए। इसी दौरान माहौल को शांत करते हुए और लोगों का विश्वास जीतने के लिए उन्होंने कहा—छोड़ो कल की बातें, कल की बात पुरानी… नए दौर में लिखेंगे मिलकर नई कहानी।”उनके इस अंदाज पर वहां मौजूद लोग भी भावुक नजर आए।
‘पुरानी गलतियों को पीछे छोड़ने’ का संदेश
विजय सिन्हा ने स्पष्ट किया कि अब बीती अव्यवस्थाओं और गलतियों को ढोने का समय खत्म हो चुका है। उन्होंने कहा कि सरकार और जनता को मिलकर एक नई व्यवस्था खड़ी करनी होगी, जिसमें पारदर्शिता और जवाबदेही हो। उनका कहना था कि राजस्व विभाग में जो खामियां वर्षों से चली आ रही हैं, उन्हें स्वीकार करते हुए अब सुधार की दिशा में ठोस कदम उठाए जाएंगे।
दलालों पर सीधा हमला
डिप्टी सीएम ने जनसंवाद के दौरान बेहद सख्त लहजे में कहा कि राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग में दलालों की भूमिका लगातार बढ़ती जा रही है। उन्होंने स्वीकार किया कि विभाग में दलालों का प्रभाव एक बड़ी समस्या बन चुका है। विजय सिन्हा ने साफ कहा कि वे इस व्यवस्था को तोड़ने आए हैं और दलालों के नेटवर्क का सफाया किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि किसी भी स्तर पर मिलीभगत बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
अधिकारियों को चेतावनी
विजय सिन्हा ने विभागीय अधिकारियों को भी साफ संदेश दिया कि अब ईमानदारी से काम करने के अलावा कोई विकल्प नहीं है। उन्होंने कहा कि जो अधिकारी जनता के हित में काम करेंगे, उन्हें पूरा संरक्षण मिलेगा, लेकिन जो लोग लापरवाही या भ्रष्टाचार में लिप्त पाए जाएंगे, उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
आम जनता को भरोसा
जन संवाद के अंत में डिप्टी सीएम ने आम लोगों को भरोसा दिलाया कि उनकी शिकायतें सिर्फ सुनी ही नहीं जाएंगी, बल्कि उनका समाधान भी समयबद्ध तरीके से होगा। उन्होंने कहा कि उनका लक्ष्य राजस्व विभाग को ऐसा बनाना है, जहां आम आदमी को न्याय के लिए भटकना न पड़े और व्यवस्था पर लोगों का भरोसा फिर से कायम हो।