:
Breaking News

यूपी में मतदाता सूची का ड्राफ्ट जारी आज, 12.55 करोड़ नाम शामिल

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

लखनऊ।उत्तर प्रदेश में मतदाता सूची को दुरुस्त करने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए चुनाव आयोग मंगलवार को कच्ची (ड्राफ्ट) मतदाता सूची प्रकाशित करने जा रहा है। इस सूची में प्रदेश भर के करीब 12.55 करोड़ मतदाताओं के नाम दर्ज होंगे।
विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के दौरान बड़ी संख्या में ऐसे नामों की पहचान की गई, जो अब मतदाता सूची में बने रहने के योग्य नहीं पाए गए। इस प्रक्रिया में 2.89 करोड़ मतदाताओं के नाम हटाए गए हैं, जिनमें स्थान परिवर्तन कर चुके, दिवंगत, डुप्लीकेट और लंबे समय से अनुपस्थित मतदाता शामिल हैं।
चुनाव आयोग के अनुसार, हटाए गए नामों में
1.26 करोड़ मतदाता स्थायी रूप से स्थानांतरित,
46 लाख मृत,
23.70 लाख डुप्लीकेट,
83.73 लाख लंबे समय से अनुपस्थित,
जबकि 9.57 लाख अन्य श्रेणी में पाए गए हैं।
सोमवार को मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने अधिकारियों के साथ बैठक कर सभी जिलों की तैयारियों की समीक्षा की। जिला निर्वाचन अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि मतदाता सूची को अधिकतम शुद्ध और पारदर्शी बनाने के लिए हर जरूरी कदम उठाया जाए।
दावे-आपत्तियों का मौका
ड्राफ्ट सूची जारी होने के साथ ही मंगलवार से 6 फरवरी तक मतदाता अपने नाम से जुड़े दावे और आपत्तियां दर्ज करा सकेंगे। इनका निपटारा 27 फरवरी तक किया जाएगा। इसके बाद 6 मार्च को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी।
आयोग ने बताया कि प्रदेश के करीब 91 प्रतिशत मतदाताओं का 2003 की मतदाता सूची से मिलान हो चुका है। ऐसे मतदाताओं से नाम शामिल करने के लिए किसी अतिरिक्त दस्तावेज की मांग नहीं की जाएगी।
गौरतलब है कि चुनाव आयोग ने 27 अक्टूबर को एसआईआर कराने की घोषणा की थी, जिसके बाद 30 नवंबर और 11 दिसंबर को कार्यक्रम में संशोधन किया गया। अब आयोग 1 जनवरी 2026 को अर्हता तिथि मानकर इस पुनरीक्षण प्रक्रिया को पूरा कर रहा है।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *