:
Breaking News

बिहार में शीतलहर का प्रकोप, कई जिलों में पारा 5 डिग्री के नीचे

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

पटना/समस्तीपुर:बिहार में ठंड का कहर लगातार बढ़ता जा रहा है। हाड़ कंपा देने वाली सर्दी ने आम जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। राज्य के कई जिलों में तापमान तेजी से लुढ़ककर 5 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच गया है, जबकि कुछ इलाकों में यह इससे भी नीचे दर्ज किया गया।
भागलपुर, गया, नालंदा, सीवान, समस्तीपुर, औरंगाबाद, पश्चिम चंपारण समेत कई जिलों में कड़ाके की ठंड के कारण लोग घरों में दुबकने को मजबूर हैं। भागलपुर के सबौर में न्यूनतम तापमान 4.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो प्रदेश में सबसे कम रहा।

घने कोहरे ने बढ़ाई मुश्किलें

पश्चिम चंपारण, गया, मधेपुरा, सुपौल, अररिया, पूर्णिया, किशनगंज, कटिहार, पूर्वी चंपारण, सीतामढ़ी, शिवहर और मधुबनी जिलों में घने कोहरे की चादर छाई रही। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार गया में दृश्यता घटकर महज 100 मीटर तक पहुंच गई, जिससे सड़क और रेल यातायात पर खासा असर पड़ा।
सुबह के समय कई इलाकों में वाहन रेंगते नजर आए, वहीं ट्रेनें भी देरी से चलीं।

 पटना में निकली धूप, लेकिन ठंड बरकरार

राजधानी पटना में सुबह हल्की धूप जरूर निकली, लेकिन सर्द हवा के चलते लोग खुले में ज्यादा देर ठहरने से बचते दिखे। पटना में अधिकतम तापमान 18 डिग्री और न्यूनतम तापमान करीब 9 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

 तापमान का हाल (न्यूनतम)

भागलपुर (सबौर): 4.6°C
गया: 5.0°C
नालंदा: 5.5°C
सीवान: 5.7°C
समस्तीपुर: 6.3°C
औरंगाबाद: 6.4°C
पश्चिम चंपारण: 6.6°C
सारण: 6.8°C
रोहतास: 7.0°C
अरवल: 7.3°C
पूर्णिया/दरभंगा: 7.7°C
पटना: 8.7°C

 आगे कैसा रहेगा मौसम

मौसम विभाग के अनुसार अगले सात दिनों तक राज्य में मौसम शुष्क बना रहेगा और बारिश की कोई संभावना नहीं है। हालांकि, अगले 2–3 दिनों तक कई जिलों में मध्यम से घना कोहरा छाए रहने की चेतावनी जारी की गई है।
अगले तीन दिनों में न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री तक और गिरावट संभव है, जबकि अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा।

 ठंड में दिल की सेहत पर विशेष सावधानी

डॉक्टरों ने ठंड के मौसम में खासकर हृदय रोगियों को सतर्क रहने की सलाह दी है। विशेषज्ञों के अनुसार, ठंड के कारण धमनियां सिकुड़ जाती हैं, जिससे हार्ट अटैक का खतरा बढ़ जाता है।
हृदय रोगियों को दवाओं की आपातकालीन किट (राम किट) हमेशा साथ रखने, सुबह-शाम ठंड से बचने और जरूरत पड़ने पर सीपीआर जैसी प्राथमिक चिकित्सा की जानकारी रखने की सलाह दी गई है।
 मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि अनावश्यक यात्रा से बचें, गर्म कपड़ों का प्रयोग करें और सुबह-शाम विशेष सतर्कता बरतें।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *