:
Breaking News

लखीसराय में जल-जीवन-हरियाली योजना की मासिक समीक्षा, मनरेगा कार्यों व उपलब्धियों पर हुआ मंथन

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

लखीसराय।राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी योजना “जल-जीवन-हरियाली” के अंतर्गत मासिक समीक्षा कार्यक्रम का आयोजन आज 06 जनवरी 2026 को समाहरणालय, लखीसराय स्थित मंत्रणा कक्ष में किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता उप विकास आयुक्त श्री सुमित कुमार ने की।
यह मासिक कार्यक्रम प्रत्येक माह के प्रथम मंगलवार को आयोजित किया जाता है। आज आयोजित बैठक में ग्रामीण विकास विभाग नोडल विभाग के रूप में शामिल रहा। बैठक के दौरान विशेष रूप से मनरेगा से संबंधित गतिविधियों, प्रगति एवं उपलब्धियों की विस्तार से समीक्षा की गई।
कार्यक्रम का सीधा प्रसारण बापू टावर, पटना से लाइव किया गया, जिसे उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मियों ने देखा और सुना। लाइव कार्यक्रम में माननीय मंत्री, ग्रामीण विकास विभाग, बिहार सरकार श्री श्रवण कुमार ने जल संरक्षण, पर्यावरण संतुलन, वर्षा जल संचयन, हरियाली विस्तार एवं सतत विकास के महत्व पर अपने विचार रखे।
समाहरणालय में आयोजित इस कार्यक्रम के दौरान जल-जीवन-हरियाली योजना के अंतर्गत अब तक किए गए कार्यों की समीक्षा की गई तथा आगामी कार्ययोजनाओं पर विस्तृत चर्चा हुई। अधिकारियों ने बताया कि जल संरक्षण और हरियाली बढ़ाने के उद्देश्य से सरकार द्वारा विभिन्न स्तरों पर ठोस कदम उठाए जा रहे हैं। इसके तहत ग्रामीण क्षेत्रों में जल स्रोतों का जीर्णोद्धार, पौधारोपण, तालाबों का निर्माण तथा मनरेगा के माध्यम से रोजगार सृजन जैसे कार्य किए जा रहे हैं।
इस अवसर पर जल-जीवन-हरियाली जागरूकता अभियान के तहत पूर्व में आयोजित प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया।प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली सपना रानी को ₹6000,
द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले चरणजीत कुमार को ₹5000,
तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले सुधांशु कुमार को ₹4000
का पुरस्कार प्रदान किया गया। विजेताओं को डमी चेक, रियल चेक एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में निदेशक जिला ग्रामीण विकास अभिकरण श्री नीरज कुमार, निदेशक एनईपी श्री नीरज आनंद, जिला पंचायत राज पदाधिकारी सुश्री पम्मी रानी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी श्री रवि कुमार, जिला योजना पदाधिकारी श्री आशुतोष कुमार शर्मा, अधीक्षक श्री संजय कुमार, जिला कृषि पदाधिकारी श्री कुंदन कुमार, जिला परियोजना प्रबंधक जीविका श्रीमती अनीता कुमारी सहित अन्य जिला एवं प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी व कर्मी उपस्थित रहे।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *