:
Breaking News

सस्पेंस खत्म: आयुष डॉक्टर नुसरत प्रवीण ने संभाली जिम्मेदारी, पटना सदर अस्पताल में किया योगदान

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

पटना | 7 जनवरी 2026
कई दिनों से चल रहे कयासों और चर्चाओं के बीच आखिरकार आयुष चिकित्सक नुसरत प्रवीण ने अपनी सेवा की शुरुआत कर दी है। बुधवार को उन्होंने पटना सदर अस्पताल में विधिवत रूप से ड्यूटी ज्वाइन कर ली, जिसके साथ ही उनके ज्वाइनिंग को लेकर बना सस्पेंस पूरी तरह समाप्त हो गया।
नियुक्ति पत्र मिलने के बाद से ही नुसरत प्रवीण की ज्वाइनिंग को लेकर तरह-तरह की अटकलें लगाई जा रही थीं। खासकर 31 दिसंबर को, जो ज्वाइनिंग की अंतिम तिथि थी, उस दिन भी जब उन्होंने योगदान नहीं दिया, तब चर्चाओं का बाजार और गर्म हो गया था। कई लोग इसे लेकर अलग-अलग कयास लगा रहे थे, लेकिन 7 जनवरी को उनकी ज्वाइनिंग ने सभी अटकलों पर विराम लगा दिया।
सूत्रों के अनुसार, नुसरत प्रवीण की ज्वाइनिंग सीधे विभागीय स्तर से हुई है और उन्हें पटना सदर अस्पताल में पदस्थापित किया गया है। इस संबंध में जब पटना के सिविल सर्जन डॉ. अविनाश कुमार सिंह से प्रतिक्रिया लेने की कोशिश की गई, तो उन्होंने कैमरे के सामने कुछ भी कहने से परहेज किया।
गौरतलब है कि नुसरत प्रवीण का नाम उस समय सुर्खियों में आया था, जब स्वास्थ्य विभाग के एक कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। वीडियो में कथित तौर पर नियुक्ति पत्र वितरण के दौरान एक आयुष महिला डॉक्टर का हिजाब हटाने का दृश्य सामने आया था, जिसे लेकर राज्यभर में राजनीतिक और सामाजिक विवाद खड़ा हो गया था। बाद में यह विवाद नुसरत प्रवीण की ज्वाइनिंग से भी जोड़कर देखा जाने लगा।
31 दिसंबर को जब अधिकांश चयनित चिकित्सकों ने अपनी सेवा ज्वाइन कर ली थी, तब नुसरत प्रवीण के योगदान न देने पर संशय और गहरा गया। उस समय सिविल सर्जन की ओर से यह भी कहा गया था कि निर्धारित तिथि के बाद ज्वाइनिंग की संभावना कम है, हालांकि विभागीय अपील की स्थिति में विशेष निर्देश मिलने पर रास्ता निकल सकता है।
अब, नुसरत प्रवीण के ज्वाइन करने के साथ ही यह साफ हो गया है कि विभागीय स्तर पर प्रक्रिया पूरी की गई और उन्हें सेवा का अवसर मिला। पटना सदर अस्पताल में उनकी तैनाती के बाद स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *