:
Breaking News

“मुसरीघरारी में जहरीली शराब का कहर: बुजुर्ग की मौत

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

समस्तीपुर।मुसरीघरारी थाना क्षेत्र के ग्राम बखरी बुर्जुग से एक बेहद गंभीर और चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां कथित रूप से जहरीली शराब के सेवन से एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि उसका पुत्र गंभीर रूप से बीमार होकर अपनी आंखों की रोशनी गंवा बैठा।
इस संबंध में आज दिनांक 07 जनवरी 2026 को ग्राम बखरी बुर्जुग निवासी राधा देवी (पति–बबलू साह) द्वारा मुसरीघरारी थानाध्यक्ष को सूचना दी गई। सूचना में बताया गया कि मादक/विषाक्त पदार्थ के सेवन के कारण उनके ससुर बालेश्वर साह की इलाज के दौरान 03 जनवरी 2026 को मृत्यु हो गई, जबकि पति बबलू साह की आंखों की रोशनी चली गई है।
सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष, मुसरीघरारी ने अविलंब वरीय अधिकारियों को मामले से अवगत कराया। इसके बाद पुलिस अधीक्षक, समस्तीपुर, अपर पुलिस अधीक्षक-सह-अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर-1, अनुमंडल पदाधिकारी, समस्तीपुर सहित पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया।

घटना 1 जनवरी की, लेकिन सूचना 7 जनवरी को

जांच के क्रम में यह तथ्य सामने आया कि यह घटना 01 जनवरी 2026 की है, जिसकी सूचना पुलिस या प्रशासन को पहले नहीं दी गई थी। राधा देवी एवं बबलू साह ने बताया कि 01 जनवरी को बबलू साह ने अपने पिता बालेश्वर साह के साथ मिलकर पड़ोसी/गोतिया अरविंद कुमार साह से शराब खरीदकर सेवन किया था।
शराब सेवन के बाद दोनों की तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद स्थानीय स्तर पर इलाज कराया गया। इलाज के दौरान 03 जनवरी 2026 को बालेश्वर साह की मृत्यु हो गई। हैरान करने वाली बात यह है कि परिजनों ने बिना पुलिस को सूचना दिए और बिना पोस्टमार्टम कराए ही मृतक का दाह संस्कार कर दिया।

पूर्व से दर्ज हैं उत्पाद अधिनियम के मामले

जांच में यह भी सामने आया है कि मृतक एवं अभियुक्त पक्ष दोनों ही परिवारों के विरुद्ध पहले से उत्पाद अधिनियम के तहत मामले दर्ज हैं।
अभियुक्त अरविंद कुमार साह के विरुद्ध मुसरीघरारी थाना कांड संख्या 157/23 दर्ज है।
वहीं मृतक के दूसरे पुत्र अरविंद साह के विरुद्ध उत्पाद थाना कांड संख्या 168/19 एवं 284/19 दर्ज पाया गया है।

एफएसएल टीम बुलाई गई, साक्ष्य जब्त

पुलिस द्वारा घटनास्थल से संबंधित प्रदर्श (साक्ष्य) जब्त किए जा रहे हैं। साथ ही घटनास्थल के वैज्ञानिक निरीक्षण हेतु एफएसएल टीम को भी बुलाया गया है, ताकि जहरीली शराब की पुष्टि की जा सके।

कांड दर्ज, SIT गठित, छापेमारी जारी

राधा देवी से आवेदन प्राप्त कर संबंधित धाराओं में कांड दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस द्वारा सभी बिंदुओं पर गहराई से जांच करते हुए साक्ष्य संकलन किया जा रहा है। मामले के सफल उद्भेदन और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अनुसंधान दल (SIT) का गठन किया गया है। गिरफ्तारी हेतु लगातार छापेमारी की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा और पूरे मामले की निष्पक्ष व गहन जांच की जा रही है।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *