पटना।राजधानी पटना में बुधवार देर रात तेज रफ्तार और लापरवाही ने एक बार फिर सड़क को रणक्षेत्र में बदल दिया। दानापुर थाना क्षेत्र के गोला रोड इलाके में एक अनियंत्रित थार गाड़ी ने कई लोगों को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हादसे में कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, जानकी मंदिर की ओर से आ रही थार कार ने सबसे पहले सड़क पर जा रही एक गाय को टक्कर मारी। इसके बाद चालक घबराकर वाहन भगाने लगा और भागने के दौरान उसने एक ई-रिक्शा को भी धक्का मार दिया। लोगों के शोर मचाने पर चालक ने रफ्तार और बढ़ा दी और रास्ते में जो भी सामने आया, वह उसकी चपेट में आता चला गया।
स्थानीय लोगों ने बताया कि थार ने स्कूटी, मोटरसाइकिल और साइकिल समेत कई वाहनों को टक्कर मारी। एक साइकिल गाड़ी में फंस गई, जिसे चालक कुछ दूरी तक घसीटता रहा। अंततः थार एक गड्ढे में फंस गई, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
भीड़ का गुस्सा फूटा, वाहन को जलाया
गाड़ी के रुकते ही आसपास मौजूद लोगों ने चालक को पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर दी। गुस्साए लोगों ने आरोप लगाया कि चालक नशे की हालत में था। इसी आक्रोश के बीच थार में आग लगा दी गई, जिससे वाहन पूरी तरह जल गया।
पुलिस और दमकल की टीम ने संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलते ही दानापुर और रुपसपुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। हालात को नियंत्रित करने के लिए दमकल विभाग को बुलाया गया। अग्निशमन दल ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इसके बाद जली हुई गाड़ी को सड़क से हटाकर यातायात बहाल कराया गया।
घायलों को पीएमसीएच रेफर किया गया
हादसे में घायल लोगों को पहले नजदीकी सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां से कुछ की गंभीर हालत को देखते हुए पीएमसीएच रेफर किया गया। घायलों में रितिक कुमार, कोमल कुमारी, माधव कुमार और शेखर कुमार शामिल बताए जा रहे हैं।
दानापुर थानाध्यक्ष प्रशांत कुमार भारद्वाज ने बताया कि एक चार पहिया वाहन द्वारा कई वाहनों को टक्कर मारने की सूचना मिली थी। इस घटना में कई लोग घायल हुए हैं। वाहन में आग लगाए जाने के बाद दमकल विभाग ने स्थिति को संभाला है। पूरे मामले की जांच की जा रही है।
सीसीटीवी फुटेज से खुलेगा सच
पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है, ताकि हादसे की सही वजह और चालक की भूमिका स्पष्ट हो सके। चालक के नशे में होने की पुष्टि मेडिकल जांच रिपोर्ट के बाद होगी। उसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।घटना के बाद इलाके में तनाव और डर का माहौल है। स्थानीय लोगों ने रात में तेज रफ्तार वाहनों पर सख्ती की मांग की है। पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील करते हुए भरोसा दिलाया है कि दोषियों के खिलाफ कठोर कदम उठाए जाएंगे।