:
Breaking News

दरभंगा में नाबालिग छात्रा की मौत, छेड़छाड़ और दबाव से टूटकर उठाया आत्मघाती कदम

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

दरभंगा।बिहार के दरभंगा जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। बिशनपुर थाना क्षेत्र में 10वीं कक्षा की एक नाबालिग छात्रा ने कथित तौर पर लगातार हो रही छेड़छाड़ और मानसिक प्रताड़ना से तंग आकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया गया।

परिजनों का गंभीर आरोप

मृतका के परिजनों का कहना है कि गांव का ही एक युवक काफी समय से छात्रा को परेशान कर रहा था। वह बार-बार फोन कर शादी का दबाव बनाता था, जिससे बच्ची मानसिक रूप से बेहद परेशान रहने लगी थी। परिजनों के अनुसार, इस संबंध में पहले भी थाने में शिकायत दी गई थी, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।

घटना से पहले घर में हुआ था हंगामा

परिजनों ने बताया कि घटना वाले दिन सुबह, जब पिता घर से बाहर सब्जी बेचने गए थे, तभी आरोपी युवक अपने कुछ परिजनों के साथ घर पहुंचा और हंगामा किया। इस घटना से छात्रा बुरी तरह टूट गई और इसी के बाद उसने फांसी लगाकर अपनी जान दे दी।

सबसे छोटी थी मृतका

बताया जा रहा है कि मृत छात्रा अपने परिवार में पांच भाई-बहनों में सबसे छोटी थी और पढ़ाई में भी होनहार थी। अचानक हुई इस घटना से पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है, वहीं गांव में भी शोक और आक्रोश का माहौल है।

पुलिस की कार्रवाई

बिशनपुर थानाध्यक्ष अरविंद कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। फिलहाल परिजनों की ओर से कोई लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है, लेकिन पुलिस बयान दर्ज करने की प्रक्रिया में जुटी है।
उन्होंने कहा कि जैसे ही परिजनों की ओर से लिखित शिकायत मिलेगी, पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

सवालों के घेरे में सिस्टम

इस घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि शिकायत के बावजूद यदि समय रहते कार्रवाई होती, तो शायद एक नाबालिग की जान बचाई जा सकती थी।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *