:
Breaking News

बिहार में ठंड का कहर, गया में 4.1 डिग्री के साथ टूटा सीजन का रिकॉर्ड, 16 जिलों में पारा 8 से नीचे

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

बिहार इन दिनों शीतलहर की गिरफ्त में है। गुरुवार को ठंड ने इस मौसम का अब तक का सबसे कड़ा प्रहार किया, जब गया का न्यूनतम तापमान गिरकर 4.1 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। यह इस साल का सबसे कम तापमान माना जा रहा है। मौसम विभाग की ताजा रिपोर्ट बताती है कि सुबह के समय राज्य के सभी जिलों में तापमान 10 डिग्री से नीचे दर्ज किया गया, जबकि 16 जिलों में पारा 8 डिग्री से भी नीचे चला गया।
ठंड की रेस में दूसरे स्थान पर भागलपुर का सबौर रहा, जहां न्यूनतम तापमान 4.6 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। वहीं सासाराम के बिक्रमगंज में पारा 4.8 डिग्री तक लुढ़का। छपरा, राजगीर, अरवल और डेहरी जैसे इलाकों में भी न्यूनतम तापमान करीब 5 डिग्री के आसपास बना रहा, जिससे लोगों को सुबह-शाम कड़ाके की ठंड का सामना करना पड़ रहा है।
राजधानी पटना में भी ठंड का असर साफ दिखा। यहां न्यूनतम तापमान 9.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिन में धूप जरूर निकली, लेकिन तेज पछुआ हवा के कारण ठिठुरन बनी रही। मौसम विभाग का कहना है कि उत्तर भारत के पहाड़ी इलाकों में जारी बर्फबारी के चलते बिहार में 12 से 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से ठंडी हवाएं चल रही हैं, जिससे आने वाले दिनों में तापमान और गिर सकता है।
इधर, घने कोहरे को लेकर मौसम विभाग ने उत्तर और दक्षिण बिहार के कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। गया, भागलपुर, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी, पूर्णिया, किशनगंज सहित कई जिलों में सुबह के समय दृश्यता बेहद कम रही। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और आवश्यक होने पर ही घर से बाहर निकलने की सलाह दी है।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *