:
Breaking News

समस्तीपुर SP की बड़ी कार्रवाई: जहरीली शराब कांड में चौकीदार निलंबित, सेक्टर पदाधिकारी पर विभागीय कार्रवाई

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

समस्तीपुर।मुसरीघरारी थाना क्षेत्र के ग्राम बखरी बुजुर्ग में जहरीली शराब सेवन से जुड़ा एक गंभीर मामला सामने आया है। 07 जनवरी 2026 को गांव निवासी राधा देवी (पति—बबलू साह) ने थाने में सूचना दी कि जहरीली शराब के सेवन के बाद उनके ससुर बालेश्वर साह की इलाज के दौरान मृत्यु हो गई, जबकि पति बबलू साह की आंखों की रोशनी कम हो गई।
सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष, मुसरीघरारी ने मामले से वरीय अधिकारियों को अवगत कराया। इसके बाद पुलिस अधीक्षक, समस्तीपुर, अपर पुलिस अधीक्षक-सह-अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (सदर-1), अनुमंडल पदाधिकारी, समस्तीपुर सहित पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया।

घटना 1 जनवरी की, जानकारी 7 जनवरी को

जांच में पाया गया कि यह घटना 01 जनवरी 2026 की थी, लेकिन पुलिस और प्रशासन को तत्काल जानकारी नहीं दी गई। पूछताछ में राधा देवी और बबलू साह ने बताया कि 01 जनवरी को बबलू साह ने अपने पिता के साथ पड़ोसी/गोतिया अरविंद कुमार साह से शराब खरीदी और सेवन किया। शराब पीने के बाद दोनों की तबीयत बिगड़ गई और स्थानीय स्तर पर इलाज कराया गया।
इलाज के दौरान 03 जनवरी 2026 को बालेश्वर साह की मृत्यु हो गई। परिजनों ने पुलिस को बिना सूचना दिए और पोस्टमार्टम कराए बिना ही दाह संस्कार कर दिया।

पूर्व में दर्ज मामले भी सामने आए

जांच में यह भी खुलासा हुआ कि इस घटना से जुड़े दोनों पक्षों के परिवारों पर पहले से उत्पाद अधिनियम के मामले दर्ज हैं।
कथित शराब विक्रेता अरविंद कुमार साह के खिलाफ मुसरीघरारी थाना कांड संख्या 157/23।
मृतक के दूसरे पुत्र अरविंद साह के खिलाफ उत्पाद थाना कांड संख्या 168/19 एवं 284/19।

पुलिस कार्रवाई और सबूत संकलन

पुलिस ने घटनास्थल से प्रदर्श (सबूत) जब्त करना शुरू किया। वैज्ञानिक जांच के लिए एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) टीम को बुलाया गया। राधा देवी के आवेदन के आधार पर मामला दर्ज कर सभी बिंदुओं पर गहन जांच व साक्ष्य संकलन किया जा रहा है।
मामले के सफल उद्भेदन और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अनुसंधान दल (SIT) का गठन किया गया है। पुलिस लगातार छापेमारी अभियान चला रही है।

समस्तीपुर SP की बड़ी कार्रवाई

समस्तीपुर के एसपी अरविंद प्रताप सिंह ने मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए, चौकीदार को निलंबित कर दिया और सेक्टर पदाधिकारी पर विभागीय कार्रवाई का आदेश दिया। एसपी ने दो टूक कहा कि जहरीली शराब से जुड़ी घटनाओं को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *