:
Breaking News

बच्चों के भविष्य पर लापरवाही नहीं: डीएम ने आंगनबाड़ी व्यवस्था की कसी नकेल

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

दरभंगा, 08 जनवरी 2026।
जिले में आंगनबाड़ी केंद्रों के भवन निर्माण और बुनियादी सुविधाओं को लेकर जिला प्रशासन अब पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रहा है। जिलाधिकारी श्री कौशल कुमार की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आंगनबाड़ी केंद्र भवनों के निर्माण हेतु एक अहम समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई, जिसमें जमीनी हकीकत की गहन पड़ताल की गई।
बैठक में आंगनबाड़ी केंद्र भवनों के लिए भूमि चिन्हांकन, जर्जर भवनों की पहचान और उनकी वर्तमान स्थिति को लेकर विस्तृत समीक्षा की गई। जिले के सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी एवं प्रखंड बाल विकास परियोजना पदाधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बैठक से जुड़े रहे। जिलाधिकारी ने बारी-बारी से सभी प्रखंडों से फीडबैक लेते हुए वहां संचालित आंगनबाड़ी केंद्रों की स्थिति, उपलब्ध भूमि और जर्जर भवनों की जानकारी प्राप्त की।
समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने जिन प्रखंडों में संबल योजना के तहत बैटरी चालित ट्राईसाइकिल के लिए कम आवेदन आने पर नाराजगी जताई। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि पंचायत स्तर पर विशेष कैंप लगाकर अधिक से अधिक पात्र दिव्यांगजनों से आवेदन प्राप्त किए जाएं, ताकि योजना का लाभ वास्तविक जरूरतमंदों तक पहुंचे।
जिलाधिकारी ने सख्त लहजे में कहा कि जहां आंगनबाड़ी केंद्र भवन हेतु भूमि उपलब्ध नहीं है, वहां शीघ्र उपयुक्त भूमि चिन्हित कर उसका प्रतिवेदन अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराया जाए। साथ ही, जर्जर आंगनबाड़ी भवनों की सूची तैयार कर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया गया।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र बच्चों के पोषण, शिक्षा और समग्र विकास की आधारशिला हैं और इस कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इसके अलावा बैठक में संबल योजना अंतर्गत बैटरी चालित ट्राईसाइकिल वितरण की प्रखंडवार समीक्षा की गई। सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया कि प्रति पंचायत कम से कम 10 दिव्यांगजनों को इस योजना का लाभ जरूर मिले, ताकि कोई भी पात्र चलंत दिव्यांग ट्राईसाइकिल से वंचित न रह जाए।
इस समीक्षा बैठक में जिला कार्यक्रम पदाधिकारी, आईसीडीएस श्रीमती चाँदनी सिंह, जिला पंचायती राज पदाधिकारी श्रीमती प्रियंका कुमारी, सहायक निदेशक जिला दिव्यांगजन कोषांग श्री आशीष अमन सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *